Report by : कालू वर्मा
Published at :
हरिद्वार में रास्ते में किसी बात को लेकर महिलाओं के दो गुटों में हुई कहासुनी, सिर पर ईंट मारकर कर दी एक महिला की हत्या

हरिद्वार। गंगदासपुर में महिलाओं के दो गुटों में कहासुनी के बाद हाथापाई हो गई। इसमें दो महिलाओं ने दूसरे पक्ष की महिला को पकड़कर उसके सिर पर ईंट से कई वार किए। इससे उस महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला के पति ने इस संबंध में तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि कोतवाली की रायसी चौकी के गंगदासपुर गांव की सुमन (35 वर्ष) पत्नी सोमवीर सोमवार सुबह आठ बजे किसी काम से पास में परिवार के दूसरे सदस्य के घर जा रही थी। रास्ते में दूसरे परिवार की दो महिलाएं खड़ी थी। वहां किसी बात पर उनकी सुमन से कहासुनी हुई और फिर उनमें हाथापाई होने लगी।
आरोप है कि दूसरे पक्ष की एक महिला ने सुमन को पकड़ा तथा दूसरी महिला ने वहीं पड़ी ईंट उठाकर सुमन के सिर पर कई वार किए। इससे सुमन का सिर बुरी तरह फट गया। घाव से ज्यादा खून बहने के कारण उसकी वहीं मौत हो गई। पता चलने पर परिजन उसे लेकर अस्पताल भी गए। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी मिलते ही मौके पर पहुंची रायसी पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।
रायसी चौकी प्रभारी एसआई सुभाष चंद्र ने बताया कि सुमन के पति सोमवीर की ओर से गांव की महिलाओं रेखा पत्नी देशराज और कोमल पत्नी मोनू के खिलाफ तहरीर दी गई है। इसके आधार पर दोनों महिलाओं पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसकी विवेचना कर सक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›