उधमसिंह नगर
रुद्रपुर में ‘ऑपरेशन प्रहार’ का धमाका: स्पा सेंटरों में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 19 महिलाएं रेस्क्यू
रुद्रपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत स्पा सेंटरों पर छापेमारी कर देह व्यापार का खुलासा किया। 10 ग्राहक गिरफ्तार और 19 महिलाओं को मुक्त कराया गया। पढ़ें पूरी खबर।
रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर में पुलिस ने अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में चलाए गए ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों के स्पा सेंटरों में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान पुलिस ने मौके से 10 ग्राहकों को गिरफ्तार किया और 19 महिलाओं को रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला।
रविवार देर रात पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों की निगरानी में यह संयुक्त अभियान चलाया गया। रुद्रपुर, पंतनगर और ट्रांजिट कैंप पुलिस के साथ एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की टीमों ने एक साथ कई संदिग्ध स्पा सेंटरों पर छापेमारी की। पुलिस की इस अचानक कार्रवाई से स्पा सेंटरों के भीतर हड़कंप मच गया। भारी पुलिस बल को देख आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया।
कोतवाली पुलिस के अनुसार, इस मामले में कुल 10 ग्राहकों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने विभिन्न थानों में कुल 5 अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 143 और अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई है। रेस्क्यू की गई महिलाओं को काउंसलिंग के लिए भेजा गया है।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी तरह की अवैध और अनैतिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के जरिए अपराधियों में खौफ पैदा करने और शहर की कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखने का प्रयास किया जा रहा है। आने वाले दिनों में अन्य संदिग्ध ठिकानों पर भी इसी तरह की छापेमारी जारी रहने की उम्मीद है।
