Report by : CWN Desk
Published at :
रुद्रपुर में सनसनी: शू विला के मालिक को दुकान में लगी गोली, हालत गंभीर

रुद्रपुर के सिविल लाइन में जूते के कारोबारी ध्रुव चावला संदिग्ध परिस्थितियों में लहूलुहान मिले। कनपटी पर गोली लगने के बाद उन्हें एम्स रेफर किया गया है।

रुद्रपुर। शहर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ सिविल लाइन स्थित एक नामी जूते की दुकान में युवा कारोबारी ध्रुव चावला संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। वर्तमान में उनकी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें ऋषिकेश एम्स (AIIMS) रेफर कर दिया गया है।
आदर्श कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय ध्रुव चावला, सिविल लाइन में ‘शू विला’ नाम की दुकान अपने पार्टनर हरजिंदर के साथ चलाते हैं। जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9:30 बजे ध्रुव ने अपनी माँ से फोन पर बात की थी और जल्द घर लौटने का वादा किया था। जब वह 10:30 बजे तक घर नहीं पहुंचे, तो उनकी माँ ने पार्टनर हरजिंदर को दुकान भेजा। वहां का मंजर देखकर हरजिंदर के पैरों तले जमीन खिसक गई, क्योंकि ध्रुव खून से लथपथ बेसुध पड़े थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से एक अवैध पिस्टल बरामद हुई है, जिसे कब्जे में ले लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि ध्रुव की कनपटी पर गोली लगी थी। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह मामला आत्महत्या के प्रयास का है या किसी रंजिश के चलते उन पर हमला किया गया है।
हैरानी की बात यह है कि घटना के समय दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे बंद पाए गए हैं। इससे पुलिस की जांच में काफी मुश्किलें आ रही हैं। पुलिस अब ध्रुव के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स और आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारी गोली चलने के सही कारणों का पता लगाने में जुटे हैं और पार्टनर सहित परिजनों से पूछताछ की जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›