उधमसिंह नगर
खटीमा में सनसनी: देवभूमि कॉलोनी में बुजुर्ग महिला का संदिग्ध शव मिला, हत्या की आशंका से हड़कंप
खटीमा की देवभूमि धर्मशाला कॉलोनी में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की संदिग्ध मौत। सिर पर चोट के निशान और बाहर से बंद दरवाजा हत्या की ओर इशारा। पुलिस जांच जारी।
खटीमा (ऊधम सिंह नगर): खटीमा की देवभूमि धर्मशाला कॉलोनी में बुधवार रात एक बुजुर्ग महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। मृतका की पहचान 65 वर्षीय जानकी चंद पत्नी हरीश चंद के रूप में हुई है। कमरे का दरवाजा बाहर से बंद होने और महिला के सिर पर चोट के निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार, जानकी चंद अपने दो मंजिला मकान के ऊपरी हिस्से में अकेली रहती थीं। मकान के निचले हिस्से में एक किराएदार दंपती निवास करता है। बुधवार रात जब परिजनों को घटना का पता चला, तो कमरे का ताला बाहर से लगा हुआ था। कमरे के भीतर जानकी का शव मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। टीम ने कमरे से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके। पुलिस सूत्रों के अनुसार, महिला के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के निशान मिले हैं, जो प्रथम दृष्टया हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है।
पुलिस ने फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पूछताछ के लिए नीचे रहने वाले किराएदार दंपती को कोतवाली लाया गया है। कोतवाल ने बताया कि पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही इस गुत्थी को सुलझा लिया जाएगा।
