Connect with us

उधमसिंह नगर

खटीमा मर्डर मिस्ट्री का खुलासा: भतीजे ने ही चंद रुपयों के लिए की थी ताई की हत्या

Published

on

खबर शेयर करें 👉

खटीमा में वृद्ध महिला जानकी चंद की हत्या का सनसनीखेज खुलासा। पैसों के लालच में सगे भतीजे ने ही गला दबाकर की थी हत्या। पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार।

खटीमा: ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा में बुजुर्ग महिला जानकी चंद (65) की हत्या का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिस भतीजे को मृतका अपनी संतान की तरह मानती थी, उसी ने चंद रुपयों की खातिर अपनी ताई की बेरहमी से हत्या कर दी। शनिवार को एसएसपी अजय गणपति ने खटीमा कोतवाली में इस सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया।
घटना 18 फरवरी की रात की है, जब सितारगंज रोड स्थित देवभूमि धर्मशाला कॉलोनी में जानकी चंद का शव खून से लथपथ मिला था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 70 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और साक्ष्य जुटाए। जांच में मृतका के भतीजे रवि चंद पर शक गहराया, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर झनकट क्षेत्र से धर दबोचा।
पूछताछ में आरोपी रवि ने बताया कि वह हरियाणा में मजदूरी करता है और उसे पैसों की सख्त जरूरत थी। घटना से एक दिन पहले वह अपनी ताई को बैंक लेकर गया था, जहाँ उन्होंने खाते से पैसे निकाले थे। मंगलवार शाम को रवि मफलर से मुंह ढककर जानकी देवी के घर पहुँचा और उनके साथ खाना खाया। मौका पाकर उसने मफलर से अपनी ताई का गला घोंट दिया, जिससे गिरते ही उनकी मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद शातिर भतीजे ने अलमारी से पैसों से भरा पर्स चोरी किया। किसी को शक न हो, इसके लिए उसने बाहर से दरवाजे की कुंडी और ग्रिल पर ताला लगा दिया ताकि सबको लगे कि ताई बाहर गई हैं। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूटा गया सामान और नकदी बरामद कर ली है।
एसएसपी ने बताया कि टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और फील्ड यूनिट की मदद से इस अंधे कत्ल को सुलझाने में सफलता पाई है। पुलिस टीम में सीओ विमल रावत, कोतवाल विजेंद्र शाह और एसआई किशोर पंत शामिल थे। इस घटना से पूरे क्षेत्र में मातम और आक्रोश का माहौल है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement