Connect with us

नई दिल्ली

हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: स्कूटी रपटने के बाद बाइक की चपेट में आया किशोर, इलाज के दौरान मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी के दोनहरिया मार्ग पर दर्दनाक हादसा। स्कूटी रपटने से दूसरी तरफ गिरे 14 वर्षीय उमेश मौर्य को सामने से आ रही बाइक ने कुचला। अस्पताल में तोड़ा दम।

हल्द्वानी। दोनहरिया मार्ग पर शुक्रवार दोपहर एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना सामने आई है। ओवरटेक करने के प्रयास में एक 14 वर्षीय किशोर की स्कूटी अनियंत्रित होकर रपट गई, जिसके बाद वह सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आ गया। इस गंभीर हादसे में घायल किशोर ने देर शाम अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान मुखानी स्थित अमरावती कॉलोनी निवासी उमेश मौर्य (14 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, उमेश अपने घर से स्कूटी लेकर पनचक्की की ओर जा रहा था। जब वह जगदंबा बैंक्विट हॉल के समीप पहुंचा, तो सड़क पर ओवरटेक करने के चक्कर में उसकी स्कूटी अचानक रपट गई। स्कूटी फिसलने के कारण उमेश सड़क की दूसरी दिशा में जा गिरा।
दुर्भाग्य से, उसी समय सामने से आ रही एक बाइक उमेश के सिर को कुचलते हुए निकल गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दुर्घटना की भयावहता साफ देखी जा सकती है। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल उमेश को ठंडी सड़क स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
देर शाम अस्पताल में उपचार के दौरान उमेश ने दम तोड़ दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है। सूचना मिलने पर भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी आरती सचदेवा मौके पर पहुंचीं और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हल्द्वानी में लगातार बढ़ते सड़क हादसों और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की घटनाओं ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की आगे की जांच कर रही है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement