चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी
रुद्रप्रयाग में दहशत: मां के हाथ से 5 साल के मासूम को झपट ले गया गुलदार
रुद्रप्रयाग के सिन्द्रवाणी गांव में गुलदार ने आंगन में खेल रहे 5 वर्षीय बच्चे को मां के सामने से उठाया। वन विभाग और ग्रामीणों का सर्च ऑपरेशन जारी।
रुद्रप्रयाग। जनपद के न्याय पंचायत सारी अंतर्गत सिन्द्रवाणी गांव में मंगलवार शाम एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना घटी। यहाँ एक आदमखोर गुलदार ने पांच साल के मासूम बच्चे को उसकी माँ के हाथों से झपट लिया और उसे लेकर जंगल की ओर ओझल हो गया। इस घटना के बाद से पूरे जनपद में हड़कंप मचा हुआ है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश के साथ-साथ दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम करीब पांच बजे पांच वर्षीय दक्ष, पुत्र हेमंत सिंह, अपनी मां के साथ घर के आंगन में मौजूद था। इसी दौरान घात लगाकर बैठे गुलदार ने अचानक झाड़ियों से निकलकर हमला बोल दिया। इससे पहले कि मां कुछ समझ पाती, गुलदार बच्चे को मां की पकड़ से छीनकर घने जंगल की ओर भाग निकला। मां के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर जमा हुए, लेकिन तब तक अंधेरे का फायदा उठाकर गुलदार दूर जा चुका था।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग मशालें और डंडे लेकर जंगल की ओर निकल पड़े हैं। लापता बच्चे की तलाश में ग्रामीणों द्वारा व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। ग्राम प्रधान पुष्पा देवी ने बताया कि इस घटना के बाद से गांव की महिलाएं और बच्चे बुरी तरह डरे हुए हैं और लोग अपने ही घरों के भीतर कैद होने को मजबूर हैं। जंगली जानवर के इस तरह घर के आंगन तक पहुँचने से प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
इस मामले में जिला पंचायत सदस्य जयवर्धन काण्डपाल ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन वन विभाग और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। उन्होंने मांग की है कि प्रभावित क्षेत्र में तुरंत पिंजरा लगाया जाए और गश्त बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी अनहोनी को रोका जा सके। फिलहाल, वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुँचने की सूचना है और सर्च ऑपरेशन जारी है।
