कीर्तिनगर क्षेत्र में सुपाणा के पास जीवीके झील में पैरामेडिकल प्रथम वर्ष की छात्रा ने छलांग लगा दी। पुलिस टीम झील में छात्रा की तलाश कर रही है
श्रीनगर। गढ़वाल स्थित कीर्तिनगर कोतवाली क्षेत्र में एक पैरामेडिकल छात्रा ने जीवीके झील में छलांग लगा दी। घटना गुरुवार शाम सुपाणा के पास हुई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तलाश अभियान शुरू किया। खबर लिखे जाने तक छात्रा का पता नहीं चल पाया था।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा ने बताया कि युवती ने घर पर फोन कर खुदकुशी की बात कही थी, जिसके बाद परिजनों ने चौरास चौकी को सूचना दी। सीसीटीवी फुटेज में छात्रा झील में कूदते हुए दिखाई दी है और पास ही उसका बैग भी मिला है। छात्रा की पहचान श्रीकोट गंगानाली निवासी 20 वर्षीय पल्लवी कठैत के रूप में हुई, जो मेडिकल कॉलेज श्रीनगर से पैरामेडिकल प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि छात्रा लंबे समय से मानसिक तनाव और एंग्जायटी डिसऑर्डर से जूझ रही थी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार और स्थानीय लोगों में गहरा दुख और चिंता व्याप्त हो गई।
फिलहाल पुलिस की टीमें जीवीके झील में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाकर छात्रा की तलाश कर रही हैं। मानसिक तनाव या अवसाद से जूझ रहे युवाओं को समय पर परामर्श और परिवार के सहयोग की सख्त आवश्यकता है।