Report by : कालू वर्मा
Published at :
हरिद्वार कांवड़ मेले में यात्रियों को क्यूआर कोड से मिलेगी पार्किंग और रूट की जानकारी

हरिद्वार में कांवड़ मेले में यात्रियों को क्यूआर कोड से मिलेगी रूट और पार्किंग की जानकारी
हरिद्वार। कांवड़ मेले में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पुलिस ने अपनी तैयारी कर दी है। कांवड़ यात्रियों को रूट और पार्किंग की जानकारी आसानी से उपलब्ध कराने के लिए क्यूआर कोड जारी कर दिया गया है। पुलिस टीमें विभिन्न राज्यों में भेजी गई हैं, जहां पुलिसकर्मी क्यूआर कोड से संबंधित पंपलेट बांटकर कांवड़ यात्रियों को जागरूक कर रहे हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि पंपलेट वितरित करने के लिए पांच टीमों का गठन किया गया। टीम उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब आदि राज्यों में पंपलेट वितरण कर रही हैं। बताया कि पिछले साल की तर्ज पर इस बार भी क्यूआर कोड स्कैन करते हुए कांवड़ मेले के डिजिटल पेज से रूट और पार्किंग की जानकारी कांवड़ यात्रियों को मिल सकेगी।
टीमें हरबर्टपुर, पौंटा साहेब, नाहन, सिरमौर, मुज्जफरनगर, शामली, मेरठ, बागपत, सोनीपत, पानीपत, देवबन्द, गागलहेड़ी, छुटमलपुर, यमुनानगर, अम्बाला, नजीबाबाद, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, हापुड, गाजियाबाद, बुलंद शहर, नोएडा, दिल्ली, फरीदाबाद, गुरुग्राम जाकर पंपलेट वितरण कर रही हैं। एसपी यातायात पंकज गैरोला ने बताया कि बस अड्डा व रेलवे स्टेशन सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी पंपलेट चस्पा किए जा रहे हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›