चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी
श्रीनगर में ‘विधायक’ बोर्ड लगी गाड़ी पर पौड़ी पुलिस का एक्शन, हूटर और काली फिल्म जब्त
चारधाम यात्रा के दौरान पौड़ी पुलिस ने श्रीनगर में ‘विधायक’ बोर्ड लगी एक कार पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गाड़ी से हूटर जब्त कर काली फिल्म उतरवाई।
श्रीनगर गढ़वाल: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के बीच पौड़ी पुलिस लगातार एक्शन मोड में नजर आ रही है। तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में श्रीनगर क्षेत्र में पुलिस ने नियमों की धज्जियाँ उड़ा रहे एक रसूखदार वाहन चालक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
श्रीनगर में सघन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक ऐसी लग्जरी गाड़ी को रोका, जिस पर आगे की तरफ “विधायक” का बोर्ड लगा हुआ था। इतना ही नहीं, यातायात नियमों को ताक पर रखकर इस वाहन के शीशों पर काली फिल्म चढ़ाई गई थी। इसके साथ ही वाहन स्वामी द्वारा गाड़ी में अवैध रूप से हूटर का प्रयोग भी किया जा रहा था।
पुलिस टीम ने वीआईपी संस्कृति पर कड़ा प्रहार करते हुए तुरंत वैधानिक कार्रवाई शुरू की। मौके पर ही गाड़ी से अवैध हूटर को जब्त किया गया और शीशों पर लगी काली फिल्म को उतरवाया गया। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने पर वाहन चालक के विरुद्ध भारी जुर्माने की चालानी कार्रवाई भी की गई।
पौड़ी पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए साफ संदेश दिया है कि नियमों का पालन करना सभी के लिए अनिवार्य है। पुलिस ने सभी यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान वाहनों पर किसी भी प्रकार के अवैध बोर्ड, काली फिल्म या प्रतिबंधित उपकरणों का प्रयोग न करें। आपकी जिम्मेदारी ही सुरक्षित यात्रा का आधार है।
