चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी
पौड़ी सतपुली सुसाइड: पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर युवक ने दी जान
पौड़ी के सतपुली में 19 वर्षीय पंकज ने पुलिस उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए फांसी लगाई। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद थाना प्रभारी लाइन हाजिर। पढ़ें पूरी खबर।
पौड़ी (सतपुली):उत्तराखंड के पौड़ी जिले के सतपुली क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ रैतपुर गांव के रहने वाले 19 वर्षीय युवक पंकज कुमार ने पुलिस पर गंभीर उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए मोटरपुल पर फांसी लगाकर जान दे दी। आत्महत्या से ठीक पहले युवक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए सतपुली पुलिस और थाना प्रभारी को जिम्मेदार ठहराया है।
शनिवार सुबह पंकज का शव भिताड़ा मोटरपुल पर लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम पंकज की बाइक से किसी को टक्कर लग गई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसका एमवी एक्ट (MV Act) में चालान किया और बाइक सीज कर दी थी। युवक का मेडिकल कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया था, लेकिन युवक ने रात में यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
घटना से पहले बनाए गए वीडियो में पंकज ने अपने हाथों पर चोट के निशान दिखाए हैं और दावा किया है कि पुलिस ने उसे प्रताड़ित किया। इस वीडियो के वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पौड़ी के एसएसपी सर्वेश पंवार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया है।
प्रशासन ने मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दे दिए हैं। एसएसपी ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट में युवक के नशे में होने की बात सामने आई है, लेकिन पुलिस उत्पीड़न के आरोपों की विस्तृत जांच अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार द्वारा की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के एक विशेष पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ किया जा रहा है ताकि सच्चाई सामने आ सके।
