चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी
उत्तरकाशी में भीषण हादसा, मॉर्निंग वॉक पर निकले अधिकारी को पिकअप ने रौंदा, मौत
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में दर्दनाक हादसा। चिन्यालीसौड़ में मॉर्निंग वॉक कर रहे सहायक उद्योग अधिकारी मामराज की बेकाबू पिकअप की टक्कर से मौत। पढ़ें पूरी खबर।
उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले से आज सुबह एक बेहद हृदयविदारक खबर सामने आई है। गंगोत्री नेशनल हाईवे पर चिन्यालीसौड़ के पास एक तेज रफ्तार पिकअप ने मॉर्निंग वॉक पर निकले सरकारी अधिकारी को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में अधिकारी की मौके पर ही दुखद मृत्यु हो गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए चालक को हिरासत में ले लिया है।
मृतक की पहचान 31 वर्षीय मामराज के रूप में हुई है, जो चिन्यालीसौड़ के टिपरी बिष्ट के निवासी थे। वह वर्तमान में कंडीसौड़ में सहायक उद्योग अधिकारी के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। शनिवार सुबह करीब 5:50 बजे जब वे ऑल वेदर रोड पर नागणी क्षेत्र में टहल रहे थे, तभी पीछे से आ रही मुर्गों से भरी एक पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप की रफ्तार बहुत तेज थी और उसने अधिकारी को बुरी तरह रौंद दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि वाहन का ब्रेक फेल होने या चालक को नींद की झपकी आने की वजह से यह अनियंत्रित हुआ। हादसे में घायल चालक रोहित, जो नौगांव का निवासी है, उसे भी चोटें आई हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर वाहन को जब्त कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
