Report by : राम सिंह, अल्मोड़ा
Published at :
पिथौरागढ़ और चम्पावत पुलिस ने 5 किलो 647 ग्राम चरस के साथ छह लोग पकड़े

पिथौरागढ़। ड्रग फ्री उत्तराखण्ड अभियान के तहत पिथौरागढ़ और चम्पावत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 5 किलो 647 ग्राम चरस के साथ छह लोगों को गिरफ्तार किया है। लोहाघाट में पकड़े गए चार लोग उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के रहने वाले हैं, वहीं धारचूला में पकड़े गए दोनों युवक स्थानीय निवासी है। पुलिस ने सभी छह आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट में निरुद्ध कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
एसपी चम्पावत अजय गणपति ने शनिवार को पुलिस कार्यालय में चरस तस्करी का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने चम्पावत मार्ग में देवराडी बैंड के पास चेकिंग के दौरान चार लोगों की तलाशी ली। इसमें उत्तर प्रदेश के जिला पीलीभीत निवासी, अनुज कुमार के कब्जे से 938 ग्राम चरस, सिराज अहमद के कब्जे से 912 ग्राम चरस, भरत सिंह के कब्जे से 934 ग्राम और राजवीर सिंह के कब्जे से 951 ग्राम चरस बरामद की। वहीं, पिथौरागढ़ जिले में धारचूला पुलिस ने मुखबिर की सूचना मिलने के बाद अनवर तिराहे धारचूला पर घूम रहे गांव घटधार निवासी योगेश जेठा (27) और कालिका, निवासी महेश सिंह तितियाल (19) को पकड़ा। दोनों के पास से 1 किलो 908 ग्राम चरस बरामद हुई। अभियुक्त योगेश और महेश धारचूला में अलग-अलग दुकानों पर काम करते थे। गांव से चरस लाकर शहर में बेचने की फिराक में थे। धारचूला टीम में प्रभारी निरीक्षक कुंवर सिंह रावत, एसओजी प्रभारी हेम चंद्र तिवारी आदि मौजूद रहे। 

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›