Connect with us

उधमसिंह नगर

रुद्रपुर में गश्त के दौरान दर्दनाक हादसा, बैल से टकराकर पुलिस कांस्टेबल की मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप कोतवाली में तैनात कांस्टेबल भुवन आर्या की गश्त के दौरान सड़क हादसे में मौत हो गई। बैल से बाइक टकराने से यह भीषण हादसा हुआ।

रुद्रपुर। एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। शुक्रवार देर रात गश्त के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रांजिट कैंप कोतवाली में तैनात कांस्टेबल भुवन आर्या की मौत हो गई। ड्यूटी निभाते समय हुए इस हादसे से पुलिस महकमे और मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2009 बैच के 41 वर्षीय कांस्टेबल भुवन आर्या मूल रूप से दमुवाढूंगा, हल्द्वानी के रहने वाले थे। शुक्रवार रात वे अपनी मोटरसाइकिल से क्षेत्र में नियमित गश्त पर निकले थे। गश्त के दौरान सेंटर प्वाइंट होटल के पास अचानक उनकी बाइक के सामने एक बैल आ गया।
बाइक की बैल से टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भुवन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान बैल का सींग उनके सीने में जा लगा, जिससे अंदरूनी गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक कांस्टेबल के पिता, भाई और अन्य परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे। भुवन आर्या अपने पीछे पत्नी और सात साल के मासूम बेटे को छोड़ गए हैं। इस अचानक आई त्रासदी से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
ड्यूटी के दौरान अपने जांबाज साथी को खोने से रुद्रपुर पुलिस महकमे में गहरा शोक छाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। यह घटना एक बार फिर सड़कों पर घूमते आवारा पशुओं के कारण होने वाले जानलेवा खतरों की ओर इशारा करती है।

Select Language

Advertisement