Report by : CWN Desk
Published at :
पुलिस उपाधीक्षक दूरसंचार भर्ती विज्ञापन में संशोधन, व्यवस्थाधिकारी भर्ती के आवेदन में आज से करें करेक्शन

हरिद्वार। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने समूह-ग की दो भर्तियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा तिथियां बदल दी हैं। इस संबंध में सूचना जारी करते हुए आयोग के सचिव एसएस रावत ने कहा कि दोनों के लिए 20 फरवरी को प्रवेशपत्र वेबसाइट पर जारी होंगे।
आयोग सचिव के मुताबिक, स्नातक स्तरीय अर्हता के क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी पदों के लिए शारीरिक मापजोख एवं दक्षता परीक्षा 19 फरवरी के बजाए अब 27 फरवरी को होगी। इसी प्रकार, व्यायाम प्रशिक्षक पदों के लिए शारीरिक मापजोख व दक्षता परीक्षा अब 29 फरवरी के बजाए 26 फरवरी को होगी।
आयोग ने स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा के विज्ञापन में आंशिक संशोधन किए हैं। इसके तहत कार्यालय सहायक तृतीय यूजेवीएनएल का वेतनमान 25,500-81,100 के बजाए 27,200-86,100 किया गया है। आयोग ने क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी के 33 रिक्त पदों का आरक्षण भी स्पष्ट किया है।
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने पुलिस उपाधीक्षक दूरसंचार भर्ती के विज्ञापन में आयु सीमा की गणना की तिथि में संशोधन किया है। इसके तहत अब एक जुलाई 2023 के बजाए एक जुलाई 2024 के आधार पर आयु की गणना की जाएगी। विज्ञापन की बाकी शर्तें यथावत रहेंगी। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की डॉ. आरएस टोलिया उत्तराखंड प्रशासन अकादमी, राज्य संपत्ति विभाग, लोक सेवा आयोग व्यवस्थाधिकारी एवं व्यवस्था भर्ती परीक्षा के आवेदन में शुक्रवार से त्रुटि सुधार का मौका मिलेगा। 26 फरवरी तक करेक्शन कर सकते हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›