Connect with us

देहरादून

ऋषिकेश के होटल नवरंग में पुलिस की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’: अवैध कैसीनो से 40 गिरफ्तार, पूरी चौकी सस्पेंड

Published

on

खबर शेयर करें 👉

देहरादून पुलिस ने ऋषिकेश के होटल नवरंग में चल रहे अवैध कैसीनो का भंडाफोड़ किया। 40 अभियुक्तों के साथ भारी मात्रा में नकदी और कैसिनो कॉइन्स बरामद। होटल सील और पूरी चौकी निलंबित।

ऋषिकेश: राजधानी देहरादून के एसएसपी के निर्देश पर ऋषिकेश पुलिस ने शनिवार को एक बड़ी ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ को अंजाम दिया। हरिद्वार रोड स्थित ‘होटल नवरंग’ में चल रही एक हाई-प्रोफाइल अवैध जुआ पार्टी पर पुलिस ने छापा मारकर 40 अभियुक्तों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
पुलिस टीम ने मौके से 3356 कैसीनो कॉइन्स (टिक्की), 26 ताश की गड्डियां और 1,37,600 रुपये की नकदी बरामद की है। इसके अलावा, होटल से विभिन्न ब्रांड की 9 विदेशी शराब की बोतलें भी मिली हैं। छापेमारी के बाद पुलिस ने होटल नवरंग को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है। होटल का मालिक फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
पकड़े गए अभियुक्तों में दिल्ली, मेरठ, नोएडा और ऋषिकेश के स्थानीय लोग शामिल हैं। इनमें 10 महिलाएं भी शामिल हैं, जो दिल्ली और एनसीआर के विभिन्न इलाकों की रहने वाली हैं। पुलिस ने सभी के विरुद्ध कोतवाली ऋषिकेश में जुआ अधिनियम और आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
इस पूरे प्रकरण में पुलिस की गंभीर लापरवाही सामने आने पर एसएसपी देहरादून ने सख्त कदम उठाया है। घटना के तुरंत बाद आईडीपीएल (IDPL) चौकी पर नियुक्त समस्त स्टाफ को निलंबित कर दिया गया है। एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अवैध गतिविधियों को संरक्षण देने वाले पुलिसकर्मियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Select Language

Advertisement