Connect with us

देहरादून

देहरादून: रायपुर थाने की हवालात में पीआरडी जवान ने की खुदकुशी, थानाध्यक्ष समेत 4 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

Published

on

खबर शेयर करें 👉

देहरादून के रायपुर थाने में पीआरडी जवान सुनील रतूड़ी ने कंबल से फंदा लगाकर आत्महत्या की। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने थानाध्यक्ष सहित 4 को किया लाइन हाजिर। परिजनों का हंगामा।

देहरादून: राजधानी के रायपुर थाने में शनिवार रात पुलिस कस्टडी के दौरान एक पीआरडी जवान द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सुनील रतूड़ी के रूप में हुई है, जिसने हवालात के भीतर कंबल का फंदा बनाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और आनन-फानन में एसएसपी ने बड़ी कार्रवाई की है।
घटनाक्रम के अनुसार, शनिवार दोपहर पुलिस को लाडपुर स्थित एक पेट्रोल पंप से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पेट्रोल भरवाने के बाद भुगतान नहीं कर रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि संबंधित व्यक्ति अत्यधिक नशे में था। समझाने के बावजूद हंगामा करने पर पुलिस उसे थाने ले आई और शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। थाने में भी अभद्रता करने पर उसे हवालात में बंद कर दिया गया, जहां कुछ देर बाद वह बेसुध मिला। पुलिसकर्मी उसे तुरंत कोरोनेशन अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हवालात के भीतर हुई इस मौत की खबर फैलते ही आईजी आनंद स्वरूप और एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए थानाध्यक्ष रायपुर सहित चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि पूरी घटना की पारदर्शिता के साथ न्यायिक जांच कराई जाएगी।
वहीं, इस घटना के विरोध में कोरोनेशन अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में पीआरडी जवान और मृतक के परिजन एकत्र हो गए और जमकर प्रदर्शन किया। बेरोजगार संघ के अध्यक्ष बॉबी पंवार ने भी अस्पताल पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग उठाई। फिलहाल शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है और क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement