Report by : Paras Bisht
Published at :
बरसात से गौला के बहाव से रेलवे ट्रैक व पुल को खतरा

गौला पुल की सुरक्षा दीवार की मिट्टी भी धंस गई
हल्द्वानी। लगातार हो रही बारिश के चलते गौला नदी उफान पर है। नदी के कटाव से काठगोदाम में रेलवे ट्रैक के लिए खतरा पैदा हो गया है। गौला पुल की सुरक्षा दीवार की मिट्टी भी धंस गई है। जिसके चलते गौला पुल पर भी खतरा पैदा हो गया है।
काठगोदाम में गौला नदी के कटाव के चलते रेलवे ट्रैक के लिए खतरा पैदा हो गया है। शुक्रवार को नदी उतने उफान पर थी कि वह रेलवे ट्रैक के पास बने एक पिलर को बहाकर ले गई। कटाव के कारण रेलवे ट्रेक की गौला नदी से दूरी करीब 5 फीट ही रह गई है। कटाव इसी गति से जारी रहा तो रेलवे ट्रैक पर खतरा बढ़ सकता है। जिसके चलते काठगोदाम में रेल सेवा बाधित हो सकती है। रेलवे इज्जतनगर मंडल के जन संपर्क अधिकारी राजेन्द्र सिंह ने बताया कि गौला नदी के कटाव से रेलवे ट्रैक को बचाने के हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि वन विभाग की मदद से पिछले दिनों नदी के पानी को डायवर्ट करने के लिए जेसीबी लगाई गई थी। लेकिन अधिक बरसात होने के कारण कोई फायदा नहीं मिला। उन्होंने कहा कि ट्रैक को बचाने के लिए रेलवे ने आरबीएम बिछाने के साथ ही सुरक्षा दीवार का निर्माण कराया था। बरसात रुकने के बाद क्षेत्र में रेलवे ट्रैक और रेलवे की संपत्ति को बचाने के हर संभव प्रयास किए जाएंगे। ऊधर, गौला नदी के कटाव से गौला पुल पर भी खतरा पैदा हो गया है। गौला पुल की सुरक्षा दीवार की मिट्टी धंस गई है। जिससे पुल के नीचे नदी साफ दिखाई दे रही है। यहां एनएचएआई ने सुरक्षा कार्य शुरू कर दिया है। शुक्रवार को क्षेत्र में लगे मजदूरों ने बैरियर लगाकर कार्य शुरू किया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›