Report by : CWN Desk
Published at :
केदारनाथ व बदरीनाथ धाम में वीआईपी दर्शन के लिए 300 रुपये शुल्क लगेगा

बीकेटीसी के अध्यक्ष अजेंद्र अजय की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक में निर्णय
देहरादून। केदारनाथ व बदरीनाथ धाम में पहली बार वीआईपी दर्शन के लिए 300 रुपये शुल्क देना होगा। देश के चार प्रमुख मंदिर तिरुपति बालाजी, वैष्णो देवी, महाकालेश्वर व सोमनाथ मंदिरों में पूजा व दर्शन व्यवस्था का अध्ययन करने के लिए बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने चारधाम यात्रा में शुल्क की व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। बीकेटीसी के अध्यक्ष अजेंद्र अजय की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक में यह फैसला लिया गया है। इसमें केदारनाथ व बदरीनाथ धाम की व्यवस्थाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। चारधाम यात्रा को लेकर भी कार्ययोजना को स्वीकृति दी गई।
बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी योगेंद्र सिंह ने बजट पेश किया।
प्रोटोकॉल के तहत दर्शनों के लिए आने वाले वीआईपी को बीकेटीसी के कार्मिक ही मंदिरों में दर्शन कराने और प्रसाद वितरण इत्यादि की जिम्मेदारी संभालेंगे। इससे वीआईपी सुविधा के नाम पर अव्यवस्था पैदा नहीं होगी। अभी तक वीआईपी को दर्शन कराने के लिए पुलिस, प्रशासन, बीकेटीसी आदि अपने-अपने तरीके से दर्शन व्यवस्था संभालते हैं।
श्रद्धालु मंदिर के लिए जो भी दान या चढ़ावा देते हैं, उसे बीकेटीसी के वेतनधारी पुजारी और कर्मचारी ग्रहण नहीं करेंगे। पूजा व्यवस्था से जुड़े कार्मिक श्रद्धालुओं को दान व चढ़ावे को दान पात्र में डालने को प्रेरित करेंगे। अन्यथा कार्मिकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। मंदिरों को मिलने वाली दान चढ़ावे की गिनती के लिए पारदर्शी व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए दोनों धामों में पारदर्शी शीशे के हट बनाए जाएंगे। जिन्हें सीसीटीवी कैमरों से लेस किया जाएगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›