उधमसिंह नगर
रुद्रपुर: विधायक के बेटे ने खुद पर हमले की रची थी साजिश, पिता ने रोते हुए मांगी माफी
रुद्रपुर में विधायक तिलकराज बेहड़ के बेटे सौरभ बेहड़ पर हमले का सच आया सामने। पत्नी की सहानुभूति पाने को रचा था ड्रामा। पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार।
रुद्रपुर। उत्तराखंड के रुद्रपुर में किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के बेटे पार्षद सौरभ बेहड़ पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि सौरभ ने अपनी पत्नी से चल रहे विवाद के बीच सहानुभूति पाने के लिए खुद पर हमले की साजिश रची थी। इस मामले में पुलिस ने सौरभ के दोस्त इंदर नारंग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी क्राइम निहारिका तोमर ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सौरभ बेहड़ का अपनी पत्नी से पिछले दो सप्ताह से मनमुटाव चल रहा था। पत्नी का समर्थन और जनता का ध्यान खींचने के लिए उन्होंने अपने दोस्त इंदर के साथ मिलकर इस ड्रामे की योजना बनाई। पुलिस को शक तब हुआ जब 21 जनवरी की रात चेकिंग के दौरान तीन संदिग्ध युवक बिना नंबर की बाइक के साथ पकड़े गए, जिन्होंने पूछताछ में सारी सच्चाई उगल दी।
घटना का सच सामने आने के बाद विधायक तिलकराज बेहड़ पूरी तरह टूट गए। उन्होंने अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई और रोते हुए जनता से माफी मांगी। विधायक ने भावुक होते हुए कहा, “मेरा अपना सिक्का ही खोटा निकला। बेटे के इस कृत्य ने मेरी सामाजिक और राजनीतिक छवि को बर्बाद कर दिया है।” उन्होंने घोषणा की कि वह सौरभ से अपने सभी संबंध खत्म कर रहे हैं और उसे कभी माफ नहीं करेंगे।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल (CDR) के जरिए हमलावरों की पहचान की। आरोपियों ने कबूल किया कि उन्हें इंदर नारंग ने हमले के लिए बुलाया था। इस खुलासे के बाद एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कड़ी कार्रवाई करते हुए सौरभ बेहड़ को दी गई सरकारी सुरक्षा (गनर) वापस लेने के निर्देश दिए हैं। विधायक ने उन सभी परिवारों से भी माफी मांगी जिन्हें पुलिस पूछताछ के दौरान परेशानी झेलनी पड़ी।
विदित हो कि सौरभ ने कुछ समय पहले अपने पिता को अपनी किडनी दान की थी, जिससे विधायक का उनके प्रति अधिक लगाव था। लेकिन इस शर्मनाक घटना ने पिता-पुत्र के रिश्तों में दरार डाल दी है। पुलिस अब गिरफ्तार किए गए आरोपियों—वंश कुमार, बादशाह, दीपक सिंह और इंदर के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। पूरे क्षेत्र में इस ड्रामे की चर्चा जोरों पर है।
