Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी: काठगोदाम स्टेशन पर अचेत मिले BSF जवान की मौत, जहरखुरानी गिरोह ने लूटा सामान

भवाली के नथुवाखान (गढ़गांव) में एक 59 वर्षीय किसान मोहन सिंह बिष्ट ने अपनी सिंगल बैरल बंदूक से खुद को गोली मार ली। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

भवाली। नैनीताल जिले के भवाली कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत नथुवाखान स्थित गढ़गांव में बुधवार सुबह एक बेहद दुखद और सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक 59 वर्षीय किसान ने अपने ही घर में संदिग्ध परिस्थितियों में अपनी सिंगल बैरल बंदूक से खुद को गोली मारकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। गोली चलने की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही भवाली कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
भवाली कोतवाल प्रकाश मेहरा से मिली जानकारी के अनुसार, गढ़गांव निवासी मोहन सिंह बिष्ट (पुत्र स्वर्गीय उदय सिंह बिष्ट) ने बुधवार सुबह करीब 8:45 बजे अपने घर पर अज्ञात कारणों के चलते यह आत्मघाती कदम उठाया। उन्होंने बंदूक को अपनी गर्दन के पास सटाकर ट्रिगर दबा दिया, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में केवल बच्चे ही मौजूद थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य किसी काम से बाहर गए हुए थे।
पुलिस ने प्रारंभिक छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह पूरा मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, घटना के पीछे के असली कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम और पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है। स्थानीय ग्राम प्रधान प्रदीप बिष्ट ने बताया कि मृतक मोहन सिंह के परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटे, एक बहू और नाती-पोते हैं। एक बेटे की शादी हो चुकी है, जबकि छोटा बेटा अभी अविवाहित है। ग्राम प्रधान के अनुसार, परिवार में किसी भी तरह के घरेलू विवाद या मानसिक परेशानी की कोई बात कभी सामने नहीं आई थी। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई सिंगल बैरल लाइसेंसी बंदूक को जब्त कर लिया है, जिसका उपयोग आमतौर पर खेतों में जंगली जानवरों को भगाने के लिए किया जाता था।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›