चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी
सतपाल महाराज ने किए बद्री-केदार के दर्शन, श्रद्धालुओं के लिए 10 करोड़ का बीमा
उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने बद्रीनाथ-केदारनाथ धाम में पूजा-अर्चना की। उन्होंने चारधाम यात्रियों के लिए 10 करोड़ रुपये के दुर्घटना बीमे का ऐलान किया।
गोपेश्वर: उत्तराखंड के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने सोमवार को पवित्र केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने भगवान के चरणों में देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा उन्नति के लिए प्रार्थना की। इसके साथ ही उन्होंने विश्व को वर्तमान वैश्विक संकटों से मुक्ति दिलाने और मानवता में शांति व सद्भाव स्थापित करने की कामना की। दर्शन के बाद उन्होंने दोनों धामों में यात्रा व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
कैबिनेट मंत्री ने मंदिर परिसर में चल रहे विभिन्न पुनर्निर्माण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के पदाधिकारियों ने पारंपरिक तरीके से उनका भव्य स्वागत किया। मीडिया से बातचीत करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि इस वर्ष भी चारधाम यात्रा रिकॉर्ड स्तर पर चल रही है। राज्य सरकार देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुगम सुविधा और पुख्ता सुरक्षा के लिए धरातल पर लगातार काम कर रही है।
इस दौरान पर्यटन मंत्री ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एक बेहद बड़ा और ऐतिहासिक ऐलान किया। उन्होंने बताया कि उनकी संस्था ‘मानव उत्थान सेवा समिति’ के माध्यम से चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए 10 करोड़ रुपये की धनराशि का दुर्घटना बीमा करवाया गया है। इसके तहत प्रत्येक धाम के लिए 2.50 करोड़ रुपये का बीमा निर्धारित है। मंदिर परिसर में भगदड़, प्राकृतिक आपदा या अन्य किसी जोखिम की स्थिति में प्रभावित श्रद्धालु को एक लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
सतपाल महाराज ने चारधाम यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं से स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ऑक्सीजन की कमी के कारण स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए यात्री डॉक्टर की सलाह लेकर ही यात्रा शुरू करें और अपनी जरूरी दवाएं साथ रखें। यात्रा के दौरान सभी तीर्थयात्री सरकार की गाइडलाइंस का पालन करें और स्थानीय प्रशासन का सहयोग कर अपनी यात्रा को सुरक्षित बनाएं।
