अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
अल्मोड़ा: सल्ट के टोटाम में मादा गुलदार और शावकों का खौफ, दहशत में बंद करने पड़े स्कूल
अल्मोड़ा के सल्ट क्षेत्र में मादा गुलदार और शावकों के दिखने से हड़कंप। एहतियातन स्कूल और इंटर कॉलेज बंद किए गए। वन विभाग ड्रोन और कैमरों से कर रहा निगरानी।
अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र स्थित टोटाम में मादा गुलदार और उसके शावकों की मौजूदगी ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। गुलदार की सक्रियता को देखते हुए वन विभाग हाई अलर्ट पर है। सुरक्षा के मद्देनजर सोमवार को क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय और राजकीय इंटर कॉलेज को एहतियातन बंद रखना पड़ा।
स्थानीय ग्रामीणों ने कुछ दिन पहले टोटाम गांव के पास मादा गुलदार को उसके शावकों के साथ घूमते हुए देखा था। इसकी सूचना तुरंत ग्राम प्रधान द्वारा वन विभाग को दी गई। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, मादा गुलदार शावकों के साथ होने के कारण अधिक आक्रामक हो सकती है, इसीलिए सुरक्षा कारणों से अभी पिंजरा नहीं लगाया गया है।
शनिवार को राजकीय इंटर कॉलेज टोटाम के पास ही गुलदार दिखने के बाद प्रधानाचार्य दिनेश चंद्र फुलोरिया ने सोमवार को स्कूल बंद करने का निर्णय लिया। हालांकि, बुधवार को होने वाली उत्तराखंड बोर्ड की प्रयोगात्मक (Practical) परीक्षाओं को देखते हुए छात्रों को पूरी सुरक्षा के बीच स्कूल बुलाने की व्यवस्था की गई है। वनकर्मी बच्चों को सुरक्षा घेरे में स्कूल लाने और छोड़ने का काम कर रहे हैं।
वन विभाग वर्तमान में ड्रोन और ट्रैप कैमरों के जरिए गुलदार की लोकेशन ट्रैक कर रहा है। सल्ट क्षेत्र के खोल्यो गांव में हाल ही में एक बाघिन द्वारा बुजुर्ग महिला को निवाला बनाए जाने की घटना से लोग पहले ही डरे हुए हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों को अकेले जंगलों की ओर न जाने और शाम के समय घरों में रहने की सख्त सलाह दी है।
