नैनीताल
नैनीताल में सनसनी: ‘जरक’ के पत्तों के पकोड़े खाने से एक ही परिवार के 9 लोग बीमार
Nainital News: नैनीताल में ‘जरक’ के विषाक्त पत्तों के पकोड़े खाने से एक ही परिवार के 9 लोग बीमार। अस्पताल में इलाज के बाद मिली छुट्टी। जानिए पूरा मामला।
नैनीताल। एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां ‘जरक’ (फाइटोलेका एसिनोसा) नामक पौधे के विषाक्त पत्तों के पकोड़े खाने से एक ही परिवार के 9 लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए। गनीमत यह रही कि समय पर अस्पताल पहुंचाए जाने और प्राथमिक इलाज मिलने के बाद सभी मरीजों की जान बच गई और दूसरे दिन उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, नैनीताल के बिड़ला चुंगी मार्ग स्थित लेक व्यू क्षेत्र के निवासी महेश चंद्र के घर में शनिवार दोपहर जन्मदिन की पार्टी चल रही थी। उत्सव के माहौल में स्थानीय पत्तों से बने पारंपरिक पकोड़े मेहमानों को परोसे गए। पकोड़े खाने के महज आधे घंटे के भीतर ही लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। मरीजों का सिर घूमने लगा और वे अचानक जोर-जोर से हंसने लगे व अजीब हरकतें करने लगे।
परिस्थिति को गंभीर होते देख परिजनों ने तुरंत डॉक्टर और स्थानीय प्रशासन से संपर्क किया। मौके पर पहुंची एंबुलेंस के जरिए सभी 9 प्रभावित लोगों को स्ट्रेचर और स्थानीय व्यवस्थाओं की मदद से नजदीकी बी.डी. पांडे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने मरीजों को उल्टी कराने की दवा दी और ग्लूकोज चढ़ाया। इलाज के दौरान भी मरीज अजीब हरकतें कर रहे थे, जिन्हें नियंत्रित करने में अस्पताल स्टाफ को खासी मशक्कत करनी पड़ी।
घटना के लगभग आठ घंटे बाद कम मात्रा में पकोड़े खाने वाले लोगों को होश आना शुरू हुआ। अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में रात भर रखने के बाद सभी मरीजों की स्थिति में सुधार होने पर उन्हें घर भेज दिया गया। विशेषज्ञों का कहना है कि अनजाने में विषाक्त या अनजान जंगली वनस्पतियों का सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद जानलेवा साबित हो सकता है।
