देहरादून
देहरादून के भुड्डी गांव में सनसनीखेज मर्डर: छोटे भाई ने की सगे भाई की हत्या, खुद ही रचा था बदमाशों का ड्रामा
देहरादून के भुड्डी गांव में सोहेल हत्याकांड का पुलिस ने 10 घंटे में खुलासा किया। छोटे भाई शाहिद ने पिता के खाते से 10 लाख निकालने और पिटाई का बदला लेने के लिए की हत्या।
देहरादून। जिले के विकासनगर क्षेत्र अंतर्गत भुड्डी गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ पुलिस ने सोहेल नामक युवक की सनसनीखेज हत्या का महज 10 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि सोहेल की हत्या किसी बाहरी बदमाश ने नहीं, बल्कि उसके सगे छोटे भाई शाहिद ने ही की थी। एसएसपी (SSP) प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने सोमवार दोपहर प्रेसवार्ता कर इस खौफनाक वारदात का आधिकारिक खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात सूचना मिली थी कि भुड्डी गांव में अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर 24 वर्षीय सोहेल की गोली मारकर हत्या कर दी है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने जब घर और आसपास के सीसीटीवी (CCTV) कैमरे खंगाले, तो शक की सुई घर के ही लोगों पर घूम गई। दरअसल, बीते दो दिनों से घर के कैमरों की रिकॉर्डिंग डिलीट कर उन्हें सिर्फ लाइव मोड पर रखा गया था और बाहर से किसी के अंदर आने के साक्ष्य नहीं मिले थे।
जांच के दौरान पुलिस को घर के ही बाथरूम में छिपाई गई एक देसी पिस्टल बरामद हुई, जिसके बाद 21 वर्षीय शाहिद को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ में शाहिद बुरी तरह टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। शाहिद ने बताया कि उसने हत्या के बाद पुलिस को भटकाने के लिए अज्ञात बदमाशों की झूठी कहानी रची थी। इतना ही नहीं, पुलिस का ध्यान भटकाने के लिए उसने ग्रामीणों को उकसाकर दून-पांवटा साहिब हाईवे पर शव रखकर जाम भी लगवाया था।
इस जघन्य हत्याकांड के पीछे की वजह बेहद हैरान करने वाली है। एसएसपी ने बताया कि शाहिद नशे और महंगी चीजों का आदी था। उनके माता-पिता (प्रॉपर्टी डीलर अब्दुल हारून और पत्नी) करीब 20 दिन पहले ही हज यात्रा पर गए हुए हैं। उनके जाने के बाद शाहिद ने पिता का एटीएम (ATM) कार्ड चुराकर खाते से 10 लाख रुपये उड़ा दिए थे। इस बात का पता चलने पर बड़े भाई सोहेल ने शाहिद की जमकर पिटाई कर दी थी, इसी पिटाई का बदला लेने के लिए शाहिद ने 14 जून की रात सोहेल को मौत के घाट उतार दिया।
