Report by : CWN Desk
Published at :
शर्मनाक : रुद्रपुर में मां ने शराब की लत पूरी करने के लिए 50 हजार में बेच दिया अपना ही बच्चा

महिला के पति की सड़क हादसे में हो गई मौत
रुद्रपुर।
बुरी संगत में पड़कर महिला शराब की लती हो गई। इस दौरान बच्चे का ध्यान न रख पाने के कारण उसने साथियों के साथ मिलकर पांच साल के बेटे को बेचने का निर्णय लिया। बाद में बरेली के एक परिवार को 50 हजार रुपये में बेचने दिया। मामला इंटरनेट मीडिया वायरल हुआ तो पुलिस भी हरकत में आकर जांच में जुट गई है।
शिमला बहादुर जनपद रोड क्षेत्र में किराए में रहने वाली एक महिला के पति की पूर्व में सड़क हादसे में मृत्यु हो गई थी। जिसके बाद महिला ने दूसरी शादी की थी। लेकिन दूसरा पति कोई काम नहीं करता था। जिस पर महिला को अपने बच्चों को पालने के लिए मजदूरी करनी पड़ी।
इस दौरान महिला गलत संगत में पड़ गई और नशे की आदी हो गई। जिसके कारण वह अपने पांच साल के बच्चे का ध्यान भी नहीं रख पा रही थी। बताया जा रहा है कि अपने साथियों के कहने पर महिला ने दूसरे पति की मर्जी के बिना ही अपने बच्चे को बेचने की योजना बना ली। जिसमें उसका साथ उसके कुछ साथियों ने भी दिया। महिला ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर बच्चे के खरीदार को खोजना शुरू किया।इस दौरान बरेली के एक परिवार से उनकी मुलाकात हुई। उनसे बच्चे का सौदा 50 हजार रुपये में कर दिया। कुछ दिनों पहले बरेली का परिवार रुपये लेकर कलक्ट्रेट परिसर में पहुंचा और महिला को रुपये देकर बच्चा ले गए। इधर, मामला इंटरनेट मीडिया पर आया तो पुलिस भी हरकत में आ गई और जांच शुरू कर दी है।
एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि मामले की शिकायत पुलिस को नहीं मिली है। इंटरनेट मीडिया के माध्यम से मामले की जानकारी हुई है। पुलिस टीम मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रही है। जिसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›