Connect with us

शिक्षा

शिक्षा मंदिर तरूण हिमालय इंटर कॉलेज को मिला अनुभवी एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ा नेतृत्व

Published

on

खबर शेयर करें 👉

त्रिलोक चन्द्र भट्ट ने संभाला प्रधानाचार्य पद का दायित्व

हरिद्वार। राज्य आन्दोलनकारी एवं पूर्व कैबीनेट मंत्री स्व0 दिवाकर भट्ट द्वारा 1970 में स्थापित सुप्रसिद्ध सामाजिक एवं शैक्षिक संस्था “तरूण हिमालय (रजि.)” द्वारा संचालित शिक्षा मंदिर तरूण हिमालय इंटर कॉलेज में आज वरिष्ठ समाजसेवी, साहित्यकार एवं शिक्षाविद् त्रिलोक चन्द्र भट्ट को प्रधानाचार्य का दायित्व सौंपा गया। विद्यालय के प्रबंधक बलदेव सिंह रावत तथा प्रबंध मंडल के पदाधिकारियों ने उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान कर विधिवत कार्यभार ग्रहण कराया।

श्री भट्ट की नियुक्ति शिक्षा, साहित्य, संस्कृति और सामाजिक क्षेत्र में उनके दीर्घकालिक योगदान, सक्रिय सामाजिक सरोकारों तथा संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए की गई है।

ज्ञातव्य है कि विगत दिनों संस्था की एक महत्वपूर्ण बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि लंबे समय से रिक्त चल रहे प्रधानाचार्य पद पर आगामी व्यवस्था होने तक, संस्था परिवार के किसी जिम्मेदार, अनुभवी और समर्पित व्यक्ति को यह दायित्व सौंपा जाए। विस्तृत विचार-विमर्श एवं सर्वसम्मति के उपरांत प्रबंध मंडल ने त्रिलोक चन्द्र भट्ट के नाम पर अपनी स्वीकृति प्रदान की।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर में अध्यापक, अध्यापिकाओं एवं कर्मचारियों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें नवनियुक्त प्रधानाचार्य त्रिलोक चन्द्र भट्ट का परिचय कराया गया तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  हरिद्वार में सनसनी: युवक को गोली मारी, जांघ में लगी गोली, 5-6 हमलावर फरार

नवनियुक्त प्रधानाचार्य त्रिलोक चन्द्र भट्ट ने विद्यालय परिवार को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा उत्तीर्ण करने का माध्यम नहीं, बल्कि एक आदर्श समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि गरीब, जरूरतमंद और वंचित वर्ग के बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुँचाना संस्था की प्राथमिकता रही है और भविष्य में भी इसे और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

उन्होंने शिक्षकों का आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखें, बल्कि उनमें संस्कार, अनुशासन, नैतिकता और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने के लिए भी पूर्ण मनोयोग से कार्य करें।

श्री भट्ट ने कहा कि विद्यालय के बेहतर परीक्षा परिणाम, प्रतियोगी परीक्षाओं में विद्यार्थियों की सफलता तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय परिवार के सहयोग से संस्था को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जाएगा।

विद्यालय के प्रबंधक बलदेव सिंह रावत ने कहा कि शिक्षा मंदिर तरूण हिमालय इंटर कॉलेज केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और संस्कारों का केंद्र है। उन्होंने कहा कि त्रिलोक चन्द्र भट्ट का लंबा सामाजिक अनुभव, संगठन क्षमता तथा शिक्षा और संस्कृति के प्रति समर्पण विद्यालय के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि संस्था सदैव विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रही है तथा भविष्य में भी विद्यालय की प्रगति और गुणवत्ता सुधार के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें 👉  मिट्टी के ​अवैध खनन पर राजस्व विभाग की कार्रवाई, एक डंपर और जेसीबी पकड़ी, पथरी थाने में की सुपुर्द

संस्था के अध्यक्ष गंगादत्त शर्मा ने कहा कि तरूण हिमालय पिछले कई दशकों से समाज सेवा, शिक्षा और सांस्कृतिक जागरूकता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि समाज को जागरूक, संस्कारित और जिम्मेदार नागरिक प्रदान करना है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि त्रिलोक चन्द्र भट्ट के नेतृत्व में विद्यालय नई उपलब्धियाँ हासिल करेगा और संस्था की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाएगा।

इस अवसर पर प्रबंध मंडल के ललित भट्ट, हर्ष मोहन, पूरन सिंह रावत, डॉ. अजय नेगी, प्रकाश बहुखंडी. भानु प्रकाश गैरोला, भगवती प्रसाद, ललित सिंह रावत, मनोज सिंह चौहान सहित अनेक पदाधिकारी, विद्यालय परिवार के सदस्य उर्मिला ममगाई, उमा भट्ट, आशीष, अदिति, दीप, दिप्ती, शशि गोदियाल, राजेश्वरी, सजल, मंजु असवाल, अंजु बडोनी, लक्ष्मी पाल, दीपक नेगी, नेहा, कीर्ति, बबीता, शीतल थापा, लक्ष्मी थापा, साक्षी मीना रावत, संगीता देवी, अनुप्रिया, प्रतीक, आकांक्षा, ज्योति, नीमा, कमल, सतीश जोशी, टेक बहादुर, शिव कुमार, अमितांशु, संयोगिता, शशि वालमीकि, चंदन आदि अध्यापक एवं अध्यापिकाएँ उपस्थित रहीं।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement