Report by : CWN Desk
Published at :
उधमसिंह नगर जिले में कार सेवा डेरा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह की गोली मारकर हत्या

हत्याकांड में 5 लोग हैं आरोपी, पुलिस ने दोनों शूटरों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया
रुद्रपुर। नानकमत्ता डेरा कारसेवा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह के हत्यारोपितों की तलाश में पुलिस उत्तर प्रदेश और पंजाब में दबिश दे रही है, मगर अब बदमाशों के बांग्लादेश की राजधानी ढाका पहुंचने की बात सामने आ रही है। इधर, पुलिस ने दोनों आरोपितों की सूचना देने वालों के लिए 25-25 हजार का इनाम घोषित कर दिया है।
सरबजीत नाम के जिस व्यक्ति ने बाबा को गोली मारने की जिम्मेदारी ली है, उसने शनिवार की रात एक और फेसबुक पोस्ट करते हुए अपनी लोकेशन शेयर की है। यह इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। अगर पोस्ट सही है तो आरोपित पुलिस के सभी प्रयासों को चकमा देकर देश की सरहद पार कर गए।
किन राज्यों से होकर हत्यारोपित ढाका तक पहुंचे हैं, यह पुलिस की जांच व पोस्ट की सत्यता के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। क्योंकि पोस्ट की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। 28 मार्च को बाबा तरसेम सिंह की हत्या के बाद बाइक पर सवार होकर रायफल लहराते हुए दो शूटर फरार हो गए थे। 29 मार्च को पंजाब के तरनतारन निवासी सरबजीत सिंह ने हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए फेसबुक पोस्ट की थी। मामले गुरुद्वारे के सेवादार की तहरीर के आधार पर सरबजीत समेत पांच के विरुद्ध पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमे में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सेवानिवृत्त आइएएस हरबंश सिंह चुघ का नाम भी शामिल है। वारदात के बाद से पुलिस की 15 टीमें उत्तराखंड के साथ ही उत्तर प्रदेश व पंजाब तक हत्यारोपितों की तलाश कर रही हैं।
शनिवार रात सरबजीत नाम की फेसबुक आइडी से एक और पोस्ट शेयर की गई। लोकेशन में ढाका का गुरुद्वारा नानक शाही दर्ज है। यह पोस्ट गुरुमुखी भाषा में है। सबसे पहले लिखा गया है, वाहे गुरु दा खालसा, वाहे गुरु दी फतह। उसके बाद लिखा गया है, ‘गुरु की आज्ञा का पालन करते हुए अकाल तख्त साहिब की ओर चल रहे हैं। अकाल तख्त साहिब से प्रार्थना कर रहे हैं। तरसेम जैसे और भी हैं जो गुरुघर में बैठे हैं और अपनी मौत की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस हमारे परिवार को परेशान न करे। सही समय आने पर हम खुद अकाल तख्त साहिब के सामने पेश होंगे।’ यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। गूगल लोकेशन का स्क्रीन शाट भी पोस्ट में शेयर है।
एक दिन पहले सरबजीत के हत्या की जिम्मेदारी लेने और अगले ही दिन ढाका से पोस्ट करने के बाद कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। हालांकि ताजा पोस्ट में कितनी सत्यता है, यह जांच के बाद पता चलेगा, लेकिन अगर यह सही है तो हत्यारोपितों ने एक और चुनौती पुलिस को दे दी है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी का कहना है कि पुलिस हत्यारोपितों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। जल्द गिरफ्तारी होगी।
इंटरनेट मीडिया पर खालिस्तानी अमृतपाल सिंह का भी एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह बाबा तरसेम को सबक सिखाने की बात कहता दिख रहा है। हालांकि, वीडियो काफी पुराना बताया जा रहा है। इस वीडियो में अमृतपाल कह रहा है कि गुरुघर में सिखों की भावना काे आहत किया गया। तरसेम की मौजूदगी में जो कुछ गुरुघर में हुआ, वह ठीक नहीं था।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›