Connect with us

देहरादून

देहरादून में रफ्तार का कहर: ट्रांसपोर्टर की कार ने पिता-पुत्र को रौंदा, पिता की मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

देहरादून के ओल्ड सर्वे रोड पर तेज रफ्तार इनोवा ने मचाया कोहराम। हादसे में बाइक सवार पिता की मौत, बेटा गंभीर रूप से घायल। आरोपी कारोबारी हिरासत में।

देहरादून: राजधानी के पॉश इलाके ओल्ड सर्वे रोड पर गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। एक तेज रफ्तार इनोवा कार ने बाइक और स्कूटर सवार तीन लोगों को बुरी तरह रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार 48 वर्षीय रोहित फिलिप्स की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उनके 22 वर्षीय पुत्र अनुज और एक अन्य युवक राहुल की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
चश्मदीदों के मुताबिक, कार की गति इतनी अधिक थी कि वह सड़क पर अन्य वाहनों को टक्कर मारते हुए एक रेस्टोरेंट कारोबारी के घर की चहारदीवारी और गेट तोड़कर अंदर जा घुसी। घर के परिसर में खड़ी कार और स्कूटर से टकराने के बाद ही आरोपी की गाड़ी रुकी। हादसे के बाद मौके पर मौजूद गुस्साए लोगों ने आरोपी ट्रांसपोर्ट कारोबारी गुनीत सिंह की जमकर धुनाई कर दी, जिसे बाद में पुलिस ने बचाया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत दून अस्पताल भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक, रोहित फिलिप्स ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, वहीं उनके बेटे अनुज और स्कूटर सवार राहुल का जीवन बचाने के लिए संघर्ष जारी है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि आरोपी कारोबारी गुनीत सिंह, जो डीएल रोड का निवासी है, उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या दुर्घटना के समय आरोपी नशे में था या कार में कोई तकनीकी खराबी आई थी। इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में तेज रफ्तार वाहनों को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement