Connect with us

अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़

गंगोलीहाट में आंधी-तूफान के साथ भयंकर ओलावृष्टि: फसलें बर्बाद, पर्यटकों ने लिया ठंड का आनंद

Published

on

खबर शेयर करें 👉

गंगोलीहाट में तेज आंधी और ओलावृष्टि से फलों व सब्जियों को भारी नुकसान हुआ है, वहीं दूसरी ओर बढ़ी ठंड से देश भर से पहुंचे पर्यटक बेहद खुश नजर आए। पूरी खबर पढ़ें।

गंगोलीहाट। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के गंगोलीहाट क्षेत्र में गुरुवार शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली। शाम करीब 6 बजे क्षेत्र में तेज आंधी-तूफान, गरज-चमक और मूसलाधार बारिश के साथ हुई भयंकर ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई है। अचानक गिरे बड़े-बड़े ओलों के कारण स्थानीय किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया है।
मौसम के इस बदले मिजाज से सब्जियों के पौध और फलों के बागानों को व्यापक क्षति पहुँची है। ओलावृष्टि की मार से फलों के पेड़ों में आए फूल और छोटे फल पूरी तरह टूटकर जमीन पर गिर गए। इससे पहाड़ के प्रसिद्ध रसीले फलों (काफल, खुबानी, पुलम) के उत्पादन को तगड़ा झटका लगा है और कई नगदी फसलें बर्बाद हो गई हैं। हालांकि, किसानों का कहना है कि मडुवा, मादिरा और भट्ट जैसी पारंपरिक फसलों के लिए यह बारिश कुछ हद तक लाभदायक साबित हो सकती है।
गुरुवार को दिनभर गंगोलीहाट का आसमान बादलों से घिरा रहा। शाम होते-होते अचानक घने काले बादलों ने पूरे क्षेत्र को ढक लिया। तेज तूफान और ओलों की बौछार के कारण दृश्यता (Visibility) बेहद कम हो गई और पूरा क्षेत्र अंधेरे के आगोश में डूब गया। चक्रवाती आंधी के चलते स्थानीय लोग और राहगीर खुद को बचाने के लिए घरों और दुकानों में दुबकने को मजबूर हो गए।
एक तरफ जहां ओलावृष्टि ने काश्तकारों को खून के आंसू रुलाए, वहीं दूसरी तरफ पर्यटन सीजन के चलते क्षेत्र में पहुँचे देशभर के सैकड़ों पर्यटकों और प्रवासियों के लिए यह मौसम वरदान बन गया। अचानक बढ़ी ठंड का पर्यटकों ने जमकर आनंद लिया। कई सैलानी सड़कों और वादियों में ओलों के साथ खेलते और तस्वीरें खिंचवाते नजर आए। तापमान में आई भारी गिरावट के चलते स्थानीय बाजारों में गर्म कपड़ों की खरीदारी भी एकाएक बढ़ गई है।
वर्तमान में जहां देश के मैदानी इलाके भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप से तप रहे हैं, वहीं गंगोलीहाट का यह सुहावना और ठंडा मौसम सैलानियों को खासा आकर्षित कर रहा है। उत्तराखंड के इस पहाड़ी क्षेत्र में लगातार बढ़ रही पर्यटकों की आमद से स्थानीय होटल व्यवसायियों, होमस्टे संचालकों और व्यापारियों के चेहरे भी खिल उठे हैं। व्यवसायियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में पर्यटन कारोबार और रफ्तार पकड़ेगा।

Select Language

Advertisement