Report by : CWN Desk
Published at :
बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावा चोरी का आरोप: बीकेटीसी के कई कर्मचारियों को नोटिस जारी

बदरीनाथ धाम चढ़ावा चोरी मामले में निलंबित BKTC कर्मचारी प्रमोद नौटियाल लापता हो गए हैं। उनका मोबाइल स्विच ऑफ है और गिरफ्तारी से बचने की आशंका है।

चमोली। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के निलंबित कर्मचारी प्रमोद नौटियाल रहस्यमय तरीके से लापता हो गए हैं। निलंबन की कार्रवाई के बाद से ही उनका मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहा है। बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला सामने आने के बाद यह बड़ा घटनाक्रम हुआ है। इस मामले के बाद से ही पूरे मंदिर प्रबंधन और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।
चढ़ावा चोरी के गंभीर आरोपों के बाद प्रमोद नौटियाल ने विभाग में छुट्टी के लिए आवेदन किया था। हालांकि, बीकेटीसी प्रबंधन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उनका अवकाश स्वीकार नहीं किया। इसके तुरंत बाद विभाग ने उन्हें सस्पेंड कर जोशीमठ कार्यालय में अटैच कर दिया था। लेकिन निलंबन आदेश जारी होने के बाद से ही प्रमोद ने जोशीमठ ऑफिस में अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कराई है।
बीकेटीसी प्रबंधन को अंदेशा है कि प्रमोद नौटियाल पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि वे अग्रिम जमानत या कानूनी राहत के लिए हाईकोर्ट की शरण में जा सकते हैं। निलंबन के बाद से ही वे लगातार बीकेटीसी के अधिकारियों के संपर्क से बाहर चल रहे हैं। ऑफिस की तरफ से उनसे संपर्क करने के सारे प्रयास अब तक नाकाम रहे हैं।
बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी (CEO) सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि निलंबन की कार्रवाई के बाद से प्रमोद का कुछ पता नहीं चला है। वे ड्यूटी पर नहीं आ रहे हैं और उनका फोन भी बंद है। सीईओ ने साफ किया कि उनका कोई अवकाश स्वीकृत नहीं किया गया था। इस मामले में पुलिस और प्रशासन अब आगे की कानूनी रणनीति तैयार करने में जुट गया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›