देहरादून
सेलाकुई में खटीमा के युवक की संदिग्ध मौत: निगम रोड पर बेहोश मिला था तेजेंद्र, जांच में जुटी पुलिस
सेलाकुई के निगम रोड पर बेहोशी की हालत में मिले खटीमा निवासी तेजेंद्र सिंह की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस के अनुसार मृतक नशे का आदी और मानसिक रूप से अस्वस्थ था।
देहरादून। जिले के थाना सेलाकुई क्षेत्र के अंतर्गत निगम रोड पर एक व्यक्ति के संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए जाने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति अचेत अवस्था में सड़क किनारे पड़ा मिला। पुलिस ने तत्काल 108 एम्बुलेंस के माध्यम से उसे सहसपुर चिकित्सालय भिजवाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान तेजेंद्र सिंह उर्फ तन्नो (36 वर्ष), पुत्र सिंधी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम मंजुला पोकाडिया, खटीमा (ऊधम सिंह नगर) का रहने वाला था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेजेंद्र पिछले करीब 2 वर्षों से अपने घर से दूर था और खानाबदोश की तरह इधर-उधर घूमकर जीवन यापन कर रहा था। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है।
थानाध्यक्ष पी डी भट्ट ने बताया कि परिजनों से हुई बातचीत में यह स्पष्ट हुआ है कि तेजेंद्र नशे का आदी था और मानसिक रूप से भी थोड़ा अस्वस्थ रहता था। इसी वजह से वह लंबे समय से घर नहीं लौटा था। पुलिस को प्रथम दृष्टया यह मामला अत्यधिक नशे या बीमारी के कारण हुई मौत का लग रहा है, हालांकि मौत के असली कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगी।
वर्तमान में शव को पोस्टमार्टम के लिए विकासनगर मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के पहुंचने के बाद पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि मौत के पीछे कोई अन्य संदिग्ध कारण तो नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई अमल में लाएगी।
