Connect with us

अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़

टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस का हुआ शुभारंभ, रेल मंत्री ने दिखाई हरी झंडी

Published

on

खबर शेयर करें 👉

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस और पीलीभीत-शाहजहांपुर मार्ग विस्तार का शुभारंभ किया। सीएम धामी और देवेंद्र फडणवीस भी वर्चुअली जुड़े।

टनकपुर। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के रेल यात्रियों के लिए सोमवार का दिन बेहद ऐतिहासिक साबित हुआ। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली से वीडियो कांफ्रेंसिंग (वर्चुअल) के माध्यम से बहुप्रतीक्षित टनकपुर-हजूर साहिब नांदेड साप्ताहिक एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही उन्होंने टनकपुर-पीलीभीत सवारी गाड़ी के शाहजहांपुर तक मार्ग विस्तार का भी विधिवत शुभारंभ किया।
इस ऐतिहासिक और गरिमामयी कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। दूसरी तरफ, टनकपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित मुख्य समारोह में केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने विशेष ट्रेन को स्टेशन से रवाना किया। इस दौरान पूरी तीर्थनगरी रेलवे स्टेशन पर उत्साह और जश्न का माहौल देखा गया।
टनकपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर और इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा सहित कई वरिष्ठ रेल अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस नई रेल सेवा और मार्ग विस्तार से उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी बेहद मजबूत होगी। यह सेवा दोनों राज्यों के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, इन नई ट्रेनों के संचालन से स्थानीय यात्रियों, छात्रों, किसानों, व्यापारियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आवागमन की आधुनिक और सुलभ सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र के कृषि और अन्य स्थानीय उत्पादों को अब सीधे बड़े और नए बाजार उपलब्ध हो सकेंगे। इस कदम से न केवल आर्थिक गतिविधियों को भारी बढ़ावा मिलेगा, बल्कि पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी एक नई दिशा मिलेगी।

Select Language

Advertisement