Report by : CWN Desk
Published at :
नैनीताल जू रोड से गुजरने वाले टैक्सी और शटल वाहनों पर लगेगा शुल्क, दो मई से लागू होगा नया नियम

नैनीताल। नैनीताल छावनी परिषद ने आगामी दो मई से जू रोड से होकर गुजरने वाले टैक्सी वाहनों और शटल सेवाओं पर शुल्क लगाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में परिषद द्वारा सार्वजनिक सूचना जारी कर दी गई है। शुल्क व्यवस्था के तहत चौपहिया व्यावसायिक वाहनों से 200 रुपये तथा दोपहिया वाहनों से 50 रुपये शुल्क लिया जाएगा।

छावनी परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वरुण कुमार ने बताया कि जू रोड का एक हिस्सा छावनी क्षेत्र में आता है। हाल ही में पालिका और छावनी परिषद के बीच बैठक हुई थी, जिसमें तय किया गया था कि इस मार्ग पर व्यावसायिक वाहनों के संचालन का हिस्सा दोनों के बीच समान रहेगा। हालांकि, परिषद का कहना है कि पालिका ने हाल ही में शटल सेवा संचालन के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की, जिसकी जानकारी छावनी को नहीं दी गई।

समझौते के अनुरूप पालिका के अपेक्षित सहयोग न मिलने के कारण छावनी परिषद ने अपने क्षेत्र में आने वाले जू रोड पर व्यावसायिक वाहनों पर कंटोनमेंट सस्टेनेबिलिटी एंड बैटरमेंट फी (सीएसबीएफ) यानी छावनी स्थायित्व एवं सुधार शुल्क लगाने का निर्णय लिया है। यह शुल्क सूर्या होटल (कैट पिलर नंबर 19) से जू की ओर जाने वाले मार्ग पर लागू होगा।

वरुण कुमार ने स्पष्ट किया कि यह शुल्क केवल व्यावसायिक वाहनों पर लागू होगा। जो स्थानीय निवासी पहले से जू रोड और उसके आसपास के क्षेत्र में रह रहे हैं, उन्हें इस शुल्क से छूट दी जाएगी। वे इस व्यवस्था के तहत शुल्क के दायरे में नहीं आएंगे।

छावनी परिषद के इस निर्णय का उद्देश्य क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना और छावनी क्षेत्र के स्थायित्व तथा सुधार कार्यों के लिए आवश्यक राजस्व एकत्र करना है। परिषद ने वाहन चालकों और शटल सेवाओं को समय रहते नियमों की जानकारी प्राप्त करने और आवश्यक तैयारियां करने की सलाह दी है।


Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›