Connect with us

अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़

पिथौरागढ़ में 5 साल की बच्ची का अपहरण कर जंगल में दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Published

on

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़ में 5 साल की बच्ची का अपहरण कर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। हरिद्वार जेल से पैरोल पर आए सजायाफ्ता आरोपी होशियार सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया

पिथौरागढ़: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ बाजार से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक सिरफिरे युवक ने सरेआम 5 साल की मासूम बच्ची का अपहरण कर लिया। आरोपी बच्ची को विण के पास दौला के जंगल में ले गया, जहाँ उसने मासूम के साथ एक से अधिक बार दुष्कर्म (हैवानियत) किया। विरोध करने पर दरिंदे ने बच्ची के साथ बुरी तरह मारपीट भी की, जिससे वह लहूलुहान हो गई।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले पीड़ित परिवार ने 23 जून को कोतवाली में अपनी बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। करीब 8 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस को मासूम बच्ची सड़क किनारे बदहवास हालत में मिली। पुलिस ने तुरंत कदम उठाते हुए पीड़िता को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ डॉक्टरों ने मेडिकल परीक्षण में दुष्कर्म की पुष्टि की है।
पिथौरागढ़ पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए जब शहर के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों को खंगाला, तो आरोपी बच्ची को ले जाता हुआ दिखाई दिया। पुलिस अधीक्षक (SP) अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने शुक्रवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी की पहचान 35 वर्षीय होशियार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे पुनेड़ी महर रोड बैंड से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी होशियार सिंह एक आदतन अपराधी और सजायाफ्ता कैदी है। इससे पहले साल 2022 में भी उसने एक बालक का अपहरण कर उसका यौन उत्पीड़न किया था, जिसमें उसे अदालत से सजा मिली थी। वह हरिद्वार जेल में बंद था और हाल ही में 14 मई को निजी बंधपत्र (जमानत) पर बाहर आया था। इस खौफनाक वारदात के बाद स्थानीय जनता में भारी आक्रोश है और लोग आरोपी को सख्त से सख्त सजा देने की मांग कर रहे हैं।

Select Language

Advertisement