अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
अल्मोड़ा में पिता की हत्या कर पति संग फरार बेटी कटरा से गिरफ्तार!
अल्मोड़ा के दन्यां में पिता की दराती से हत्या कर फरार हुई बेटी और दामाद को पुलिस ने जम्मू-कश्मीर के कटरा से दबोच लिया है। हत्या के लिए बेचे थे गहने।
अल्मोड़ा। जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ के दन्यां क्षेत्र के सेली गांव में अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर फरार हुई कलयुगी बेटी और उसके पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हत्याकांड के करीब एक सप्ताह बाद पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपियों को जम्मू-कश्मीर के कटरा से दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है। इस अंधे कत्ल की साजिश और वारदात के तरीकों ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।
यह खौफनाक घटना पिछले शनिवार की है, जब सेली गांव निवासी चंद्रशेखर पांडे अपने घर में खून से लथपथ और गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले थे। उनके पूरे शरीर पर धारदार हथियार (दराती) से वार करने के कई गहरे निशान थे। आनन-फानन में ग्रामीणों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, जहाँ इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने बेटी जानकी पांडे, दामाद धर्मवीर शर्मा और मृतक की पत्नी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।
प्रारंभिक जांच और पूछताछ में पुलिस के सामने जो तथ्य आए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। आरोपी पिछले करीब एक महीने से चंद्रशेखर पांडे को रास्ते से हटाने की साजिश रच रहे थे। इस पूर्व नियोजित वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने पैसों की व्यवस्था करने के वास्ते अपने ही गहने तक बेच डाले थे। दामाद धर्मवीर ने अपनी सोने की अंगूठी बेची थी, जबकि बेटी जानकी ने अपना मंगलसूत्र और कानों के झुमके बेचकर अल्मोड़ा पहुंचने का पूरा खर्च जुटाया था।
वारदात के बाद दोनों आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गठित तीन विशेष टीमों ने सात दिनों तक अल्मोड़ा, हरियाणा और अन्य संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। आखिरकार पुलिस ने कड़ियों को जोड़ते हुए दोनों को कटरा (जम्मू-कश्मीर) से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर अल्मोड़ा लाया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस पूरे हत्याकांड की मुख्य वजहों की गहराई से तफ्तीश कर रही है।
