Report by : CWN Desk
Published at :
डूबती युवती को बचाया, कांग्रेसी नेता की चली गई जान, मचा कोहराम

विकासनगर क्षेत्र में पुल नंबर दो मोक्ष धाम के पास की घटना
देहरादून। कोतवाली विकासनगर अंतर्गत पुल नंबर दो मोक्ष धाम के पास डूब रही युवती को बचाने के लिए शक्तिनहर में कूदे कांग्रेस कार्यकर्त्ता का शव ढकरानी पावर हाउस के इंटेक से मंगलवार सुबह बरामद हो गया। पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार सोमवार देर शाम सात से आठ बजे के बीच पुल नंबर दो के पास एक युवती डूब रही थी। तभी नहर किनारे कार से जा रहे कांग्रेस कार्यकर्त्ता शुभम भटनागर (28) निवासी डाकपत्थर ने डूबती युवती को बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी। इसी बीच वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने रस्सी डालकर युवती को बचा लिया, लेकिन शुभम को नहीं बचा पाए और वह डूबकर लापता हो गया।
सूचना पर कोतवाल शंकर सिंह बिष्ट मय पुलिस बल मौके पर पहुंचे और टार्च की रोशनी में सर्च आपरेशन चलाया।मंगलवार सुबह पुलिस ने फिर से सर्च आपरेशन शुरू किया। इसी बीच जल विद्युत उत्पादन केंद्र ढकरानी के कर्मियों ने पुलिस को इंटेक में किसी व्यक्ति का शव होने की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव निकलवाया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›