Connect with us

देहरादून

ऋषिकेश में टला बड़ा रेल हादसा: शंटिंग के दौरान पटरी से उतरी उज्जैनी एक्सप्रेस, बोगियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त

Published

on

खबर शेयर करें 👉

योगनगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पर शंटिंग के दौरान उज्जैनी एक्सप्रेस पटरी से उतरी। बोगियां क्षतिग्रस्त, यात्री न होने से टला बड़ा हादसा।

ऋषिकेश: योगनगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पर सोमवार देर रात एक बड़ा ट्रेन हादसा होने से बाल-बाल बच गया। यहां शंटिंग के दौरान उज्जैनी एक्सप्रेस अचानक पटरी से उतर (डिरेल) गई। इस जोरदार हादसे में ट्रेन की तीन बोगियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। जिस जगह पर यह घटना हुई, वहां बेहद नजदीक एक रिहायशी मकान भी स्थित था। गनीमत यह रही कि घटना के वक्त ट्रेन पूरी तरह खाली थी और उसमें कोई यात्री सवार नहीं था, जिससे एक बड़ा जानमाल का नुकसान टल गया।
आरपीएफ से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना सोमवार रात करीब 9:42 बजे की है। उज्जैनी एक्सप्रेस शाम को योगनगरी स्टेशन पहुंची थी, जिसे अगले दिन सुबह सवा छह बजे उज्जैन के लिए रवाना होना था। इसी वजह से प्लेटफार्म खाली करने के लिए ट्रेन को खांड गांव स्थित शंटिंग लाइन पर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान शंटिंग लाइन के अंत में बने डेड एंड (ठोकर) से ट्रेन का इंजन जोरदार तरीके से टकरा गया। टक्कर का फोर्स इतना अधिक था कि ट्रेन के बीच की एक बोगी ट्रैक से बाहर आ गई और अत्यधिक दबाव के कारण बीच से पूरी तरह मुड़ गई।
हादसे की तेज आवाज सुनते ही आसपास के रिहायशी इलाके में रहने वाले लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे, आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी भारी बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने सबसे पहले मौके पर मौजूद भीड़ को ट्रैक से दूर हटाया। रातभर रेलवे के तकनीकी अधिकारी और कर्मचारी रेस्क्यू उपकरणों का इंतजार करते दिखे। प्राथमिक तौर पर हादसे की वजह लोको पायलट की लापरवाही मानी जा रही है, हालांकि रेलवे की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
इसी रात रायवाला जंक्शन पर भी रेल यातायात के कारण आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सेना का सामान लेकर पहुंची एक बेहद लंबी स्पेशल ट्रेन की शंटिंग के दौरान रायवाला रेलवे फाटक करीब 40 मिनट तक पूरी तरह बंद रहा। यह फाटक करीब 40 हजार की आबादी वाले क्षेत्र और आर्मी कैंट को जोड़ने वाली एकमात्र मुख्य सड़क पर स्थित है। फाटक लंबे समय तक न खुलने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और स्थानीय निवासियों व राहगीरों को देर रात काफी दिक्कतों से जूझना पड़ा।

Select Language

Advertisement