Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून चकराता क्षेत्र में गुलदार का आतंक, तीन बकरियों को मारा

बकरियों को चराने जंगल लेकर गए थे ग्रामीण, वन विभाग अधिकारियों से कार्रवाई की मांग

देहरादून। चकराता वन प्रभाग से जुड़े देवघार व बावर रेंज की सीमा से सटे नुणाईथात के जंगल में गुलदार ने पशुपालकों की नींद उड़ाई है। गुलदार ने जंगल में चुगान के समय मवेशी की टोली हमला कर तीन बकरियों को निवाला बनाया।
फनार निवासी स्थानीय पशुपालक गोविंद सिंह रोज की तरफ अपने पशु एवं मवेशी को चरान-चुगान के लिए नुणाईथात के जंगल में लेकर गया था। इस दौरान जंगल में गुलदार ने पशुपालक की तीन बकरियों को मार दिया। गुलदार के हमला करने से भयभीत ग्रामीण पशुपालक ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। पशुपालक के शोर मचाने से आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे।
सामाजिक कार्यकर्ता नीटू राणा ने कहा कि देवघार रेंज त्यूणी और बावर रेंज दारागाड़ के सीमा सटे नुणाईथात के आरक्षित जंगल में गुलदार की सक्रियता से क्षेत्र के लोग भयभीत हैं। ग्रामीण अपने पशुओं को जंगल में चुगाने को ले जाने से कतरा रहे हैं। आबादी क्षेत्र के नजदीक गुलदार के आंतक मचाने से ग्रामीणों को किसी अनहोनी का अंदेशा है। जन सुरक्षा के लिए ग्रामीणों ने वन विभाग अधिकारियों से मामले में जल्द कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›