Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी में अतिक्रमण से मुक्त की गई भूमि पर बनी अस्थायी पुलिस चौकी

उपद्रवियों समेत अब तक 36 को गिरफ्तार, संवेदनशील क्षेत्र में कर्फ्यू जारी
हल्द्वानी। बनभूलपुरा बवाल के दौरान घायल एक और व्यक्ति की मौत हो गई है। पांच लोगों की मौत घटना के समय व दूसरे दिन हो गई थी। प्रशासन ने अतिक्रमण से मुक्त की गई भूमि पर अस्थायी चौकी भी बना दी है। छह और उपद्रवियों समेत अब तक 36 को गिरफ्तार किया जा चुका है। संवेदनशील क्षेत्र में छठे दिन भी कर्फ्यू जारी रहा।
बनभूलपुरा में आठ फरवरी की शाम को सरकारी जमीन (नजूल) पर बने मदरसा व नमाज स्थल को तोड़ने पहुंची प्रशासन व पुलिस की टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया था। बवाल के दौरान आगजनी, फायरिंग व पेट्रोल बम से हमला हुआ। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की थी। इस घटना में पांच लोगों की मौत पहले ही हो चुकी थी।
मंगलवार को डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती 53 वर्षीय इरफान की भी मौत हो गई है। वहीं इसी अस्पताल में दो और घायल भर्ती हैं। एसएसपी नैनीताल पीएन मीणा के अनुसार उपद्रवियों को पकड़ने के लिए अभियान जारी है। सोमवार को छह और आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इनसे दो तमंचे, छह कारतूस और दो खोखे भी बरामद किए हैं। मुख्य साजिशकर्ता अब्दुल मलिक अभी भी पकड़ से दूर है।
वहीं 41 शस्त्रधारकों ने कोतवाली में अपने शस्त्र जमा कर दिए हैं। मलिक का बगीचा नाम से प्रचलित एक एकड़ सरकारी जमीन पर अस्थायी पुलिस चौकी बना दी गई है। इस चौकी में दो दारोगा और चार सिपाही भी तैनात कर दिए गए हैं।
12 फरवरी को सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इस जगह पर थाना खोलने की घोषणा की थी।। संवदेनशील क्षेत्र में पुलिस के साथ ही सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) व भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी) के जवान लगातार निगरानी रखे हुए हैं। मंगलवार को भी कर्फ्यूग्रस्त क्षेत्र में प्रशासन की टीम ने राशन, सिलिंडर, दूध, सब्जी व अन्य रोजमर्रा की जरूरतों का सामान उपलब्ध करवाया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›