Report by : CWN Desk
Published at :
खटीमा में सुरई वन रेंज में जंगल से घर लौट रहे युवक को बाघ ने मार डाला

खटीमा। बग्घा-54 निवासी सेवानिवृत्त फौजी के युवा बेटे को सुरई वन रेंज में बाघ ने हमला कर मार डाला। सोमवार देर रात यह घटना तब हुई जब घटना युवक यूपी के खकरा कस्बे से जंगल के रास्ते पैदल अपने गांव लौट रहा था। मंगलवार को यूपी वन विभाग ने पीलीभीत में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
बग्घा-54 निवासी, भाजपा मंडल महामंत्री मोहन सिंह चुफाल के अनुसार, बग्घा-54 निवासी सेवानिवृत्त फौजी खुशाल सिंह महर का सबसे छोटा बेटा तारा सिंह महर (29 वर्ष) सोमवार को अपने दोस्त महिमन सिंह के साथ बाइक ठीक कराने न्यूरिया, जिला पीलीभीत (यूपी)गया था। दोनों युवक न्यूरिया से बाइक लेकर वापस बनगवां पहुंचे। यहां कुछ देर रुकने के बाद महिमन अकेला ही बाइक लेकर बग्घा चला गया, जबकि तारा किसी काम से बनगवां रुक गया। अंधेरा होने पर तारा सिंह पैदल ही बनगवां से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित अपने गांव बग्घा-54 की तरफ निकल गया। संभवत इसी दौरान बाघ ने हमला कर तारा सिंह को शिकार बना लिया। सुरई रेंज में बीते दो सालों में बाघ के हमले में सात लोगों की जान जा चुकी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›