हल्द्वानी

हल्द्वानी में व्यापारियों ने इसलिए निकाला जुलूस, आज शाम 4 बजे से बंद रहेगा बाजार

दुकानें बंद कर मशाल जुलूस में महिलाएं भी हुई शामिल, प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी
हल्द्वानी। व्यापारियों ने शहर के सौंदर्यीकरण के लिए अतिक्रमित दुकानें तोड़ने के विरोध में बुधवार शाम को अपनी दुकानें बंद कर मशाल जुलूस निकाला। महिला अस्पताल से नगर निगम कार्यालय तक निकाले गए जुलूस में महिलाएं भी शामिल हुईं। प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने प्रशासन की कार्रवाई को तानाशाहीपूर्ण बताया। विरोध में नारेबाजी कर अपना गुस्सा जाहिर किया। वहीं हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेशाध्यक्ष नवीन वर्मा और छात्रसंघ नेताओं ने भी व्यापारियों के आंदोलन का समर्थन किया है।
शहर में सड़क चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण के लिए प्रशासन लगातार अतिक्रमण पर कार्रवाई कर रहा है। जिसकी जद में 65 व्यापारियों की दुकानें भी आ रहीं हैं। व्यापारी इन दुकानों के तोड़े जाने के विरोध कर रहे हैं। बीते तीन दिनों से व्यापारी संघर्ष समिति का गठन कर सड़क पर उतर आए हैं। हररोज जुलूस निकाला जा रहा है। वहीं बुधवार को शाम करीब पांच बजे सभी व्यापारी अपनी दुकानें बंद कर महिला अस्पताल के पास एकजुट होकर प्रदर्शन करने लगे। इसके बाद करीब 6 बजे व्यापारियों ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मशाल जुलूस निकाला। जुलूस महिला अस्पताल से लेकर नगर निगम तक निकाला गया।
व्यापारियों ने कहा कि दशकों से व्यवसाय कर रहे व्यापारियों को अचानक अतिक्रमणकारी करार देकर उन्हें उजाड़ने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन व्यापारियों को उजाड़ने के लिए तानाशाही दिखा रहा है। कहा कि व्यापारी पूर्व से ही लिंक रोड, बाईपास निर्माण व रोडवेज को शहर से बाहर करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन की ओर से अपनी नाकामी छिपाने के लिए उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। वक्ताओं ने कहा कार्रवाई जल्द नहीं रुकने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। व्यापारी अपना हक लेकर रहेंगे।
धरना प्रदर्शन के बाद व्यापारियों ने ऐलान किया कि गुरुवार को शाम चार बजे से पूरा बाजार बंद किया जाएगा। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के महानगर अध्यक्ष योगेश शर्मा ने बताया प्रभावित व्यापारी अपनी दुकानें बंद कर महिला अस्पताल के बाहर धरना प्रदर्शन करेंगे। व्यापारियों ने कहा की जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होगी तब तक प्रशासन के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा।

Most Popular

CWN उत्तराखंड समेत देश और दुनिया भर के नवीनतम समाचारों का डिजिटल माध्यम है। अपने विचार या समाचार प्रसारित करने के लिए हमसे संपर्क करें। धन्यवाद

[email protected]

Select Language

© 2025, CWN (City Web News)
Get latest Uttarakhand News updates

To Top
English हिन्दी