Report by : CWN Desk
Published at :
मौसम ने बदली करवट, इन जिलों में बारिश और पाले का अलर्ट

केदारनाथ धाम में तीन फीट बर्फ जमा, ठंड से लोग बेहाल
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। शनिवार को चारधाम सहित हेमकुंड साहिब में बर्फबारी हुई। जबकि निचले पहाड़ी क्षेत्रों में वर्षा होने से ठंड बढ़ गई। दून समेत अन्य मैदानी इलाकों में दिनभर बादलों की लुकाछिपी चलती रही, जिससे तापमान सामान्य से नीचे रिकार्ड किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अगले तीन दिन प्रदेश का मौसम इसी प्रकार बना रहेगा। तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी व चमोली, पिथौरागढ़ व उत्तरकाशी जनपद में कहीं-कहीं वर्षा हो सकती है। मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा। पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पड़ने का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
ताजा बर्फबारी के कारण केदारनाथ धाम में तीन फीट तक बर्फ जम गई है। इसके अलावा गंगोत्री, यमुनोत्री, बदरीनाथ व हेमकुंड साहिब में भी बर्फबारी हुई। उत्तरकाशी की हर्षिल और हरकीदून घाटी बर्फबारी की जद में है। बर्फबारी से गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग सुक्की टाप से लेकर गंगोत्री धाम तक अवरुद्ध हो गया है। वहीं, नेलांग और जादूंग को जोड़ने वाली बार्डर रोड भी अवरुद्ध हो गई है। उत्तरकाशी के चार संपर्क मार्ग बर्फबारी के कारण अवरुद्ध हैं। चमोली जिले में औली, जोशीमठ, गौरसों सहित क्षेत्र की ऊंची चोटियों पर भी बर्फबारी हुई है। इससे जिले में ठंड बढ़ गई है। हालांकि बर्फबारी के बीच पर्यटकों की आमद भी बढ़ गई है। दयारा बुग्याल, हरकीदून घाटी, डोडीताल क्षेत्र में भी बर्फबारी हुई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›