Report by : CWN Desk
Published at :
सैनिक मंत्री गणेश जोशी की कलाइयों में बांधी हजारों राखियां, बहनों को जीवनभर रक्षा करने का दिया वचन

दून में सर्वे स्टेडियम में आयोजित रक्षाबंधन समारोह आयोजित
देहरादून। रक्षाबंधन समारोह में दून में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी की कलाई पर महिलाओं ने हजारों राखियां बांधी। मंत्री ने सभी बहनों को उपहार भेंट किए। साथ ही, बहनों का स्नेह और प्यार देखकर वे भावुक भी हो गए। उन्होंने बहनों को आश्वस्त किया कि जिस भाव से उन्होंने रक्षासूत्र बांधे हैं, उसी भाव से वे जीवनभर उनकी रक्षा करेंगे।
मंत्री जोशी ने रविवार को सर्वे स्टेडियम हाथीबड़कला में रक्षाबंधन समारोह आयोजित किया। इसके शुभारंभ अवसर पर रंगारंग कार्यक्रम हुए। संस्कृति विभाग की टीम ने एक के बाद एक सुंदर प्रस्तुति से चार चांद लगाए। कनु प्यारू चौमास डांडियों में सौरिगे.., बेडू पाको बारामास… गीत पर नृत्य की प्रस्तुति ने मंत्रमुग्ध किया। प्रतिभा श्रीवास्तव ने टीम के साथ शास्त्रत्त्ीय नृत्य पेश किया। रक्षाबंधन पर आधारित गीतों ने भी समां बांधा।
मुख्य अतिथि पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने कहा कि मंत्री गणेश जोशी जननेता और लोकनेता की परिभाषा में फिट बैठते हैं। महिला शक्ति सबसे बड़ी शक्ति है, महिला शक्ति ने ही इस राज्य को बनाया, जिसके साथ यह शक्ति है, वह सदैव सफल होगा। उन्होंने कहा कि एमपी के सीएम शिवराज सिंह चौहान से उनकी अच्छी मित्रता है और वहां के लोग सीएम को ‘मामा’ कहते हैं। उन्होंने बहनों से पूछा कि आप बताइए, अपने भाई गणेश जोशी को किस नाम की संज्ञा देंगे, क्यों ना इनको आज से ‘गणेश दा’ बोला जाए।
मंत्री जोशी महिलाओं का हुजूम देखकर भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि नवंबर 1976 में वे सेना में भर्ती हुए। बकौल जोशी, 28 अगस्त 1977 को रक्षाबंधन था तो मेरे हाथों में राखी बांधने वाला कोई नहीं था, तब हवलदार के घर जाकर उनकी पत्नी से राखी बंधवाई, लेकिन आज मेरी हजारों बहनें हैं मेरे पिता और भाई भी फौजी रहे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›