Report by : CWN Desk
Published at :
छात्रसंघ अध्यक्ष समेत एबीवीपी के तीन छात्र नेता बोतल में पेट्रोल लेकर विवि भवन की दसवीं मंजिल की छत पर चढ़े

देहरादून में एसजीआरआर कालेज का मामला, 12 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं नेता
देहरादून। 12 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलनरत एसजीआरआर कालेज छात्र संघ अध्यक्ष समेत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के तीन छात्र नेता बोतल में पेट्रोल लेकर एसजीआरआर विश्वविद्यालय के पथरीबाग कैंपस भवन की दसवीं मंजिल की छत पर चढ़ गए।
छात्र नेताओं ने मांगें पूरी न होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी। जिससे विवि प्रबंधन, पुलिस-प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। काफी मान-मनोव्वल और मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद छात्र नेता करीब चार घंटे बाद नीचे उतरे। इससे पहले अभाविप कार्यकर्ताओं ने कुलपति के पुतले की शवयात्रा निकाली।
सोमवार को दोपहर करीब दो बजे एसजीआरआर कालेज छात्र संघ के अध्यक्ष चंदन सिंह नेगी, पूर्व अध्यक्ष पार्थ जुयाल, राहुल जुयाल अचानक विवि भवन की छत पर चढ़ गए। सूचना मिलने पर कालेज प्रशासन, पुलिस व जिला प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए।
उन्हें नीचे उतारने का प्रयास किया गया, लेकिन छात्र नेताओं ने मांगें पूरी होने के बाद ही उतरने की बात कही। मांगें पूरी न होने पर उन्होंने आत्मदाह की चेतावनी दी। हालांकि, एसजीआरआर मैनेजमेंट कमेटी और जिला प्रशासन के काफी समझाने और आश्वासन के बाद तीनों छात्रनेता शाम छह बजे नीचे उतरे। अभाविप के प्रांत मंत्री ऋषभ रावत ने कहा कि यह लड़ाई छात्रहितों की है। विवि प्रशासन को उनकी सभी मांगों को मानना होगा। विवि की छत से उतरने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेता अन्य छात्रों के साथ कालेज परिसर में बेमियादी धरने पर बैठ गए। धरने में चंदन नेगी, पार्थ जुयाल, राहुल जुयाल, ऋषभ मल्होत्रा, नवदीप राणा, रितिक, देवेंद्र दानु, दिव्यांशु, प्रिंस भट्ट आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›