Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी तहसीलदार सहित तीन तहसीलदारों का तबादला, एक कानूनगो निलंबित, निरीक्षण में मिली अनियमितताओं पर कार्रवाई

हल्द्वानी। हल्द्वानी तहसील में लगातार मिल रही शिकायतों और मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत द्वारा किए गए निरीक्षण में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। इस पर डीएम वंदना सिंह ने कठोर कार्रवाई करते हुए तहसीलदार हल्द्वानी समेत कई कार्मिकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कदम उठाए।
हल्द्वानी तहसीलदार को प्रतिकूल प्रविष्टि और तबादला
निरीक्षण में मिली खामियों के आधार पर तहसीलदार हल्द्वानी को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है और उनका तबादला कर उन्हें धारी भेज दिया गया है। डीएम ने स्पष्ट किया कि उनके सेवा अभिलेख में यह प्रविष्टि अंकित की जाएगी। जानकारी के अनुसार, इसी वर्ष जून में वार्षिक निरीक्षण के दौरान भी उनके कार्यालय और न्यायालय कार्य में अनियमितताएं पाई गई थीं। तब उन्हें चेतावनी देकर सुधार के लिए एक माह का समय दिया गया था, लेकिन हालिया निरीक्षण में फिर से खामियां उजागर हुईं।
कानूनगो पर भी गिरी गाज
हल्द्वानी में कार्यरत सर्वे कानूनगो अशरफ अली को पद से हटाकर उनके मूल जनपद ऊधमसिंह नगर वापस भेजा गया है। डीएम ने उनके निलंबन की संस्तुति नियुक्ति अधिकारी, जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर को भेज दी है। इसके अलावा रजिस्ट्रार कानूनगो भगवत बिष्ट को भी तत्काल प्रभाव से हल्द्वानी से स्थानांतरित कर नैनीताल भेजा गया है।
लालकुआं, हल्द्वानी और धारी के तहसीलदारों का तबादला
इधर, लालकुआं तहसील में अधिकारियों पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों और हाल ही में प्रॉपर्टी डीलर की मौत के बाद उठे सवालों के साथ ही हल्द्वानी तहसील में मिली अव्यवस्थाओं को देखते हुए तीन तहसीलदारों का आपसी तबादला किया गया है। एडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी के हस्ताक्षर से जारी आदेश के अनुसार, लालकुआं के तहसीलदार कुलदीप पांडे को हल्द्वानी, हल्द्वानी की तहसीलदार मनीषा बिष्ट को धारी और धारी की तहसीलदार पूजा शर्मा को लालकुआं भेजा गया है।
इस कार्रवाई को प्रशासन की सख्ती और पारदर्शिता बहाली के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। लगातार शिकायतों और निरीक्षणों में मिली खामियों ने तहसील स्तर पर कार्यप्रणाली की गंभीरता को उजागर किया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›