Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून में दर्दनाक हादसा: ISBT के पास ट्रक ने साइकिल सवार को कुचला, मौके पर मौत

देहरादून के आईएसबीटी (ISBT) क्षेत्र में फ्लाईओवर के नीचे ट्रक ने साइकिल सवार को रौंदा। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लिया। मृतक की पहचान की कोशिश जारी।

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के व्यस्ततम आईएसबीटी (ISBT) क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा पेश आया। सुबह करीब 11:30 बजे फ्लाईओवर के नीचे एक तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार व्यक्ति को बुरी तरह कुचल दिया। इस भीषण टक्कर में व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
फ्लाईओवर के नीचे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब ट्रक फ्लाईओवर के नीचे से गुजर रहा था। तभी साइकिल सवार व्यक्ति अचानक ट्रक के पिछले पहिये की चपेट में आ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और भागने की कोशिश की।
पुलिस ने पीछा कर चालक को पकड़ा
हादसे की सूचना मिलते ही आईएसबीटी चौकी पुलिस हरकत में आई। पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए मुस्कान चौक के पास ट्रक को रोक लिया और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि चालक हादसे के बाद मौके से फरार होने की फिराक में था, लेकिन मुस्तैदी के कारण पकड़ा गया।
मृतक की पहचान में जुटी पुलिस
हादसा इतना भीषण था कि मृतक का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इस कारण अभी तक शव की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आईएसबीटी चौकी प्रभारी आशीष कुमार ने बताया कि आसपास के इलाकों में मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›