Report by : CWN Desk
Published at :
विकासनगर: सहसपुर में गुलदार का आतंक, लकड़ी बीनने गए व्यक्ति को उतारा मौत के घाट

हल्द्वानी के दोनहरिया मार्ग पर 14 वर्षीय किशोर उमेश मौर्य की सड़क हादसे में मौत। स्कूटी रपटने के बाद सामने से आ रही बाइक ने कुचला। सीसीटीवी में कैद हुई घटना।

हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र के अंतर्गत दोनहरिया सड़क पर बुधवार दोपहर एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में अमरावती कॉलोनी निवासी 14 वर्षीय किशोर उमेश मौर्य की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, उमेश स्कूटी पर सवार होकर किसी काम से पनचक्की की ओर जा रहा था। जगदंबा बैंक्विट हॉल के पास ओवरटेक करने के प्रयास में उसकी स्कूटी अनियंत्रित होकर रपट गई और वह सड़क के दूसरी ओर जा गिरा।
हादसा इतना अचानक हुआ कि किशोर को संभलने का मौका भी नहीं मिला। जैसे ही उमेश सड़क के दूसरी तरफ गिरा, सामने से तेज गति में आ रही एक बाइक उसके सिर को कुचलते हुए निकल गई। घटना का एक दिल दहला देने वाला सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें स्कूटी के फिसलने और फिर बाइक की चपेट में आने की पूरी वारदात साफ नजर आ रही है। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल किशोर को अस्पताल पहुँचाया।
गंभीर रूप से घायल उमेश को पहले ठंडी सड़क स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दूसरे बड़े निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। अस्पताल में जीवन और मौत के बीच संघर्ष करते हुए देर शाम उमेश ने दम तोड़ दिया। किशोर की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और अमरावती कॉलोनी में मातम पसर गया।
भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी आरती सचदेवा ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया है। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है और बाइक सवार की पहचान की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›