Connect with us

हरिद्वार

हरिद्वार में दर्दनाक हादसा: फ्लाईओवर पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई स्कूटी, बुजुर्ग दंपति और नाती की मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर कांगड़ी फ्लाईओवर पर भीषण सड़क हादसा। स्कूटी और ट्रैक्टर की भिड़ंत में गाजीवाली के दंपति और 5 वर्षीय नाती की मौत।

हरिद्वार। जिले से एक बेहद हृदयविदारक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर श्यामपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कांगड़ी फ्लाईओवर पर मंगलवार देर रात एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और स्कूटी के बीच भीषण भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में स्कूटी पर सवार एक बुजुर्ग दंपति और उनके पांच वर्षीय मासूम नाती की मौके पर ही मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की अचानक हुई इस मौत से पूरे घर में कोहराम मच गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कांगड़ी फ्लाईओवर पर एक सोनालिका ट्रैक्टर-ट्रॉली संदिग्ध परिस्थितियों में बीच सड़क पर खड़ी थी, जिसका चालक मौके पर मौजूद नहीं था। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक तेज रफ्तार स्कूटी सीधे खड़े ट्रैक्टर के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए।
इस हादसे में श्यामपुर के गाजीवाली क्षेत्र के निवासी वीर सिंह (53 वर्ष), उनकी पत्नी मंजू (50 वर्ष) और उनके 5 साल के नाती शिव सिंह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीनों को तुरंत नजदीकी जिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की भयावह सूचना मिलते ही रोते-बिलखते परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जिससे वहां का माहौल बेहद गमगीन हो गया।
घटना की जानकारी देते हुए श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया है। दुर्घटना के बाद से ही फरार चल रहे ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी गई है। फ्लाईओवर पर इस तरह बिना किसी इंडिकेटर या चेतावनी के वाहन खड़ा करने की लापरवाही की भी जांच की जा रही है।

Select Language

Advertisement