Connect with us

देहरादून

विकासनगर में दर्दनाक हादसा: बारिश के पानी में नहाते समय मासूम की मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

विकासनगर के नवाबगढ़ में बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य के पाइप में फंसने और दम घुटने से एक 7 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई।

विकासनगर। एक बेहद झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। कोतवाली विकासनगर के अंतर्गत नवाबगढ़ ग्राम पंचायत के डाक्टरगंज इलाके में शनिवार को एक मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हो रही थी। बारिश के दौरान सड़क पर जमा पानी में कुछ बच्चे नहा रहे थे, तभी यह भयानक घटना घटित हुई। इस हादसे के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
चश्मदीदों के मुताबिक डाक्टरगंज में मस्जिद के पास इन दिनों सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। जल निकासी के लिए ठेकेदार ने सड़क किनारे प्लास्टिक के बड़े और संकरे पाइप रखे हुए थे। नहाते समय नवाबगढ़ निवासी नौशाद का सात वर्षीय बेटा अरमान अचानक खेल-खेल में पाइप के अंदर घुस गया। पाइप की चौड़ाई बहुत कम होने के कारण वह उसमें बुरी तरह फंस गया। लगातार हो रही बारिश की वजह से पाइप में पानी भर गया और दम घुटने से मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार को इस मौत का जिम्मेदार ठहराया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क और नाली का निर्माण कार्य मानसून से पहले पूरा हो जाना चाहिए था। बरसात के मौसम में काम कराने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण यह बड़ा हादसा हुआ है। उधर, घटना की सूचना मिलते ही बाजार चौकी इंचार्ज अर्जुन गुसाईं पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, पीड़ित परिजनों ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया है।

Select Language

Advertisement